
Bollywood: बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता रंजीत के घर खुशियों का माहौल है। उनकी बेटी दिव्यांका बेदी ने अपने लंबे समय से साथी रहे अपूर्व माथुर के साथ शादी कर ली है। दोनों ने बड़े आयोजन के बजाय सादगी से रजिस्टर्ड मैरिज की, जिसमें परिवार के सदस्यों और करीबी दोस्तों ने शिरकत की। शादी के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में दिव्यांका का ब्राइडल लुक और पिता रंजीत के साथ उनकी खास एंट्री लोगों का ध्यान खींच रही है।
दिव्यांका और अपूर्व की शादी की झलकियां सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद से चर्चा में हैं। समारोह में बॉलीवुड सितारों की बड़ी भीड़ नहीं दिखाई दी। दोनों ने अपने खास दिन को निजी और सादे अंदाज में मनाया। शादी के दौरान परिवार के लोगों की मौजूदगी और खुशनुमा माहौल तस्वीरों और वीडियो में नजर आया।
लाल बनारसी साड़ी में दिखा दिव्यांका का खास अंदाज
दिव्यांका बेदी ने अपनी शादी के लिए पारंपरिक लाल बनारसी साड़ी चुनी। इसके साथ उन्होंने गुलाबी रंग का ट्यूब टॉप पहना था। हल्की जूलरी और मांग टीके ने उनके लुक को खास बनाया। उन्होंने सिर पर दुपट्टा या घूंघट नहीं लिया था। वहीं, मेसी बन हेयरस्टाइल में उनका अंदाज पारंपरिक परिधान के साथ आधुनिक स्टाइल का मेल नजर आया।
दूसरी ओर, दूल्हे अपूर्व माथुर लाल रंग की भारी कढ़ाई वाली शेरवानी में दिखाई दिए। दोनों की जोड़ी शादी की तस्वीरों में आकर्षण का केंद्र रही।
पिता रंजीत का हाथ पकड़कर स्टेज पर पहुंचीं दिव्यांका
शादी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें दिव्यांका ढोल की आवाज के बीच अपने पिता रंजीत का हाथ थामकर स्टेज की ओर बढ़ती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान दोनों डांस करते हुए समारोह में एंट्री लेते हैं। स्टेज पर पहुंचने के बाद दिव्यांका ने अपूर्व को गले लगाया और फिर उनके साथ डांस किया।
शादी की अन्य तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में अपूर्व दिव्यांका की मांग में सिंदूर भरते दिखाई देते हैं। इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
फिटनेस और डिजाइनिंग से जुड़ी हैं दिव्यांका
दिव्यांका बेदी पेशे से फिटनेस कोच हैं। वह मुंबई में अपना जिम चलाती हैं और लोगों को फिटनेस ट्रेनिंग देती हैं। फिटनेस के अलावा उनकी रुचि फैशन और ज्वेलरी डिजाइनिंग में भी है। वह अपनी डिजाइन फर्म ‘गिगि बी डिजाइन’ से भी जुड़ी हुई हैं।
उनके पति अपूर्व माथुर भी फिटनेस ट्रेनर हैं। दोनों साथ मिलकर जिम चलाते हैं। लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दिव्यांका और अपूर्व ने शादी कर अपने रिश्ते को नया नाम दिया है।
written by Siddhi Srivastava



