
New Delhi News:विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों और उच्चायोगों द्वारा ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत बड़े पैमाने पर विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। हाल के दिनों में दुनिया के विभिन्न हिस्सों में स्थित भारतीय मिशनों ने इस अभियान को वैश्विक मंच पर ले जाते हुए पौधरोपण, खेल और सांस्कृतिक संध्या जैसे कार्यक्रमों के जरिए प्रवासी भारतीयों तथा स्थानीय समुदायों को एक सूत्र में पिरोने का काम किया है।
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत चीन, तंजानिया सहित विभिन्न देशों में भारतीय दूतावासों ने पर्यावरण संरक्षण और सस्टेनेबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए व्यापक पौधरोपण अभियान चलाए। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए राजनयिकों, भारतीय प्रवासियों और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर दूतावास परिसरों और सार्वजनिक पार्कों में पौधे लगाए। इस पहल का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर पर्यावरण के प्रति चेतना जगाना और हरित भविष्य के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करना है।
शंघाई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने ‘एक्स’ पर लिखा शंघाई में चल रहे ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रमों के तहत, महावाणिज्य दूत प्रतीक माथुर को शंघाई यूनाइटेड फैमिली हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ शामिल होकर खुशी हुई। हम ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं और अपनी संस्कृति के प्रति बढ़ती जागरूकता का स्वागत करते हैं।
स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने और साल 2047 तक भारत को एक आत्मनिर्भर व विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराने के लिए स्विट्ज़रलैंड, बहरीन और अन्य कई देशों में ‘विकसित भारत रन’ (दौड़ प्रतियोगिता) का आयोजन हुआ। स्विट्ज़रलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर लिखा ज़्यूरिख़ में फ़िटनेस, समुदाय और ‘विकसित भारत’ की भावना का संगम देखने को मिला, जब स्विट्ज़रलैंड में भारतीय दूतावास ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत ‘विकसित भारत रन’ का आयोजन किया।
इसके अलावा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय मिशनों द्वारा ‘इवनिंग ऑफ आर्टिस्ट’ (कलाकारों की शाम) का विशेष आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में भारतीय और स्थानीय कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत, लोक नृत्य और कला प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया।
हांगकांग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक्स पर लिखा हांगकांग में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ‘सेवा पखवाड़ा’ के तहत ‘कला सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘इंडियन आर्ट्स सर्कल’ के सहयोग से ‘कलाकारों की शाम’ का सफल आयोजन किया। यह शानदार संगीत, नृत्य और मिमिक्री (नकल) के कार्यक्रमों से सजी एक यादगार शाम रही।
इन बहुआयामी आयोजनों के माध्यम से भारतीय दूतावासों ने ‘सेवा परमो धर्मः’ के मूल्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीवंत किया है, जिससे वैश्विक मंच पर भारत की एक सकारात्मक और संवेदनशील छवि और मजबूत हुई है।
Read Also-Lucknow: लखनऊ के बड़े अस्पताल में सनसनी, टॉयलेट से बरामद हुआ नवजात का शव
रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी



