
Lucknow: राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब इमरजेंसी विभाग के एक टॉयलेट से नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नवजात को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा टॉयलेट में छोड़ दिया गया था। सफाई और नियमित निरीक्षण के दौरान जब शव दिखाई दिया तो इसकी सूचना तत्काल संस्थान प्रशासन को दी गई। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
सीसीटीवी और अन्य सुराग खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच कर रही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को अस्पताल के टॉयलेट तक कौन लेकर आया और उसे वहां क्यों छोड़ा गया। इसके लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
प्रशासन ने जांच पूरी होने तक टिप्पणी से किया इनकार
संस्थान प्रशासन ने बताया कि मामला फिलहाल पुलिस जांच के अधीन है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। प्रशासन ने कहा कि जांच एजेंसियों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है।
फिलहाल इस घटना ने अस्पताल परिसर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
written by Siddhi Srivastava



