
Lucknow News:राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस), लखनऊ की डायटेटिक्स यूनिट की ओर से संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संस्थान के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
शिविर में प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क बॉडी कंपोजीशन एनालिसिस, हैंडग्रिप स्ट्रेंथ असेसमेंट और व्यक्तिगत पोषण परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके माध्यम से कर्मचारियों को अपने शरीर की संरचना, मांसपेशियों की कार्यक्षमता और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिला। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति और जीवनशैली के अनुरूप संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी व्यावहारिक सुझाव दिए।
स्वस्थ संस्थान के लिए स्वस्थ कार्यबल जरूरी
डायटेटिक्स यूनिट की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों के पोषण प्रबंधन के साथ-साथ संस्थान में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देना है। कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ संस्थान–स्वस्थ कार्यबल” रखी गई।
शिविर में कर्मचारियों ने बॉडी कंपोजीशन, मांसपेशियों की ताकत और संतुलित आहार के महत्व को समझने में विशेष रुचि दिखाई। विशेषज्ञों ने कहा कि जो लोग प्रतिदिन दूसरों के स्वास्थ्य की देखभाल करते हैं, उनके अपने स्वास्थ्य और पोषण पर ध्यान देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को निवारक स्वास्थ्य, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ संस्थान की शुरुआत स्वस्थ कार्यबल से होती है।
Read Also-Bihar Politics: जमुई केस को लेकर तेजस्वी का हमला, बोले- बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं



