Delhi Fire: दिल्ली में आग का कहर, ई-रिक्शा पार्किंग वाले हिस्से से भड़की लपटें

Delhi Fire: मकान के निचले हिस्से में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग लगने की आशंका

Delhi Fire: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य झुलस गए। हादसा गली नंबर-11 में यूनिटी मॉल के पास स्थित एक आवासीय इमारत में हुआ। शुरुआती जांच में मकान के भूतल पर बने ई-रिक्शा पार्किंग और चार्जिंग स्थल से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, रविवार सुबह करीब 4:13 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियों और आपातकालीन टीमों को मौके पर भेजा गया। शुरुआती तौर पर तीन दमकल वाहन रवाना किए गए, जबकि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में एक और वाहन बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इमारत में फंसे छह लोगों को निकाला गया

आग लगने के समय इमारत की बीच वाली मंजिल पर छह लोग फंसे हुए थे। दमकलकर्मियों ने बचाव अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा पुलिस की गाड़ियों से हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग करीब 10 प्रतिशत तक झुलसे हैं और उनका उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।

ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट पर संदेह

प्रारंभिक जांच में आग का संभावित स्रोत मकान के निचले हिस्से में संचालित ई-रिक्शा पार्किंग और चार्जिंग पॉइंट माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आग नीचे के हिस्से में लगी थी और ऊपर सो रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने भी ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग शुरू होने की आशंका जताई है।

पुलिस और संबंधित विभाग मकान, ई-रिक्शा तथा चार्जिंग उपकरणों के मालिकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

ग्राउंड फ्लोर समेत पांच स्तर की थी इमारत

जिस इमारत में आग लगी, उसमें ग्राउंड फ्लोर के अलावा एक मेजेनाइन यानी बीच की मंजिल और तीन अन्य मंजिलें थीं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की गई। आग पर काबू पाने के बाद घटनास्थल की जांच शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

ritten by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button