CJP Protest: और सरकार के बीच अहम बैठक, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मांगा गया एक दिन का समय

NEET पेपर लीक विवाद को लेकर CJP और केंद्र सरकार के बीच हुई अहम बैठक में संगठन ने तीन प्रमुख मांगें सरकार के सामने रखीं। सरकार ने दो मांगों पर सकारात्मक संकेत दिए, जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर फैसला लेने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।

CJP Protest: NEET पेपर लीक विवाद को लेकर जारी आंदोलन के बीच शुक्रवार (24 जुलाई) को केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। दिल्ली के वीपी हाउस में हुई इस बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और CJP के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि सरकार ने उनकी तीन में से दो प्रमुख मांगों पर सैद्धांतिक सहमति जता दी है, जबकि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर विचार करने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है।

CJP ने सरकार के सामने रखीं ये 3 मांगें

बैठक के बाद CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि संगठन ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं—

  • NEET विवाद में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए।
  • आंदोलन में शामिल छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी एफआईआर और कानूनी मामले वापस लिए जाएं।
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।

रांका के अनुसार, सरकार ने मुआवजे और एफआईआर वापस लेने की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया है, लेकिन शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के मुद्दे पर अंतिम निर्णय के लिए एक दिन का समय मांगा है।

‘इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं’

बैठक से पहले CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कहा कि उनका आंदोलन तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देशभर के छात्रों और युवाओं का आंदोलन है।

सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन

इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद 26 दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि अंगमो ने बताया कि सरकार ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर नहीं करने, पीड़ित परिवारों को सहायता देने और संसद में शिक्षा सुधारों पर चर्चा कराने का लिखित आश्वासन दिया है।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी एहतियातन बंद किया गया और कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

CJP Protest Pakistani Accounts: CJP Protest: 400 से ज्यादा पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ब्लॉक, दिल्ली पुलिस ने बताया बड़ा खुलासा

अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम पर

CJP ने साफ कर दिया है कि यदि शनिवार तक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो जंतर-मंतर पर उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। अब राजनीतिक हलकों की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी है।

Show More

Related Articles

Back to top button