
Jauhar University: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर लगे आरोपों और संस्थान की मौजूदा स्थिति पर अपनी बात रखी है। एबीपी न्यूज को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने कोई घोटाला किया होता तो वह दिखाई देता। यूनिवर्सिटी को लेकर अपनी मंशा स्पष्ट करते हुए आजम खान ने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा का एक मंदिर तैयार करना था, लेकिन आज लोग इसके खंडहर देखने आएं।
आजम खान ने अपनी संपत्ति को लेकर भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि उनके पास यदि कोई दूसरा घर या जायदाद है तो वह उसे अभी किसी अन्य व्यक्ति के नाम करने के लिए तैयार हैं। उनका कहना था कि उन्होंने लोगों का भरोसा हासिल किया है और आज भी जरूरत पड़ने पर लोगों के सामने हाथ फैलाएं तो उन्हें हीरे-जवाहरात से भर दिया जाएगा।
‘रोमन साम्राज्य के अवशेषों की तरह देखें जौहर यूनिवर्सिटी के खंडहर’
जौहर यूनिवर्सिटी की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए आजम खान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि लोग यहां आकर इसके खंडहर देखें, जैसे रोमन साम्राज्य के अवशेषों को देखने के लिए लोग जाते हैं। उनके मुताबिक, लोगों को यह समझना चाहिए कि जब एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाने की कोशिश की तो उसके साथ क्या हुआ। आजम खान ने यूनिवर्सिटी को लेकर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए इसे अपने शैक्षणिक सपने से जोड़कर पेश किया।
’50 साल की सियासत में एक गली में रहता हूं’
अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए सपा नेता ने कहा कि करीब 50 साल की राजनीति के बाद भी वह एक गली में रहते हैं। उनके घर में जनरेटर तक नहीं है और वहां पानी भर जाता है। उन्होंने बताया कि जब आयकर विभाग की छापेमारी हुई थी, तब उनके घर में करीब दो फीट पानी जमा था। आजम खान ने दावा किया कि उनके पास कोई दूसरी संपत्ति नहीं है और कोई यह नहीं कह सकता कि उन्होंने राजनीति के जरिए पैसा कमाया है।
उन्होंने कहा कि लोगों से सहयोग और भरोसा मिलने के बाद ही जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण संभव हो पाया। उनके मुताबिक, संस्थान बनाने के लिए उन्होंने लोगों के सामने हाथ फैलाए थे।
सर सैयद और मदन मोहन मालवीय का भी किया जिक्र
आजम खान ने अपने बयान में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाली ऐतिहासिक हस्तियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि पहले के दौर में भी जांच एजेंसियां इसी तरह सक्रिय होतीं तो सर सैयद अहमद खान और मदन मोहन मालवीय भी जेल में होते। इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने शिक्षा संस्थान स्थापित करने के प्रयासों और अपने खिलाफ हुई कार्रवाई के बीच तुलना करने की कोशिश की।
सरकार चाहे तो यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चला दे
इंटरव्यू के दौरान जब आजम खान से जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा करना चाहती है तो कर सकती है। उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद सरकार से यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर चलाने के लिए कह रहे हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया कि यदि सरकार ऐसा कर रही है तो सही ही कर रही होगी।
आजम खान के इस बयान के बाद जौहर यूनिवर्सिटी की स्थिति, उस पर लगे आरोपों और संस्थान के भविष्य को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। हालांकि, इंटरव्यू में आजम खान ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए यूनिवर्सिटी निर्माण के पीछे शिक्षा के प्रसार का उद्देश्य बताया।
written by Siddhi Srivastava



