
Quad Summit Manila: मनीला में क्वाड बैठक के दौरान भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने रेयर अर्थ की आपूर्ति मजबूत करने का समझौता किया। ट्रम्प ने पीएम मोदी को टफ इंसान बताया।
Quad Summit Manila: फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को क्वाड देशों के नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने महत्वपूर्ण खनिजों, खासकर रेयर अर्थ की आपूर्ति मजबूत करने के लिए बड़ा समझौता किया। चारों देश अब रेयर अर्थ की खोज, खनन, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य चीन पर निर्भरता कम करना और महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने मोदी को ‘टफ इंसान’ बताया। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। ट्रम्प ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अमेरिका उसे किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अमेरिका के लिए खतरा पैदा किया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा, आर्थिक सहयोग, तकनीक और आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना बैठक के प्रमुख एजेंडे में शामिल रहा।
क्वाड देशों की साझेदारी जरूरी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्वाड को भारत के लिए भरोसेमंद और महत्वपूर्ण साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा, आपूर्ति शृंखला, नई तकनीक और आपदा के समय सहायता जैसे क्षेत्रों में चारों देश मिलकर काम कर रहे हैं। बदलते वैश्विक हालात में क्वाड की साझेदारी और अधिक जरूरी हो गई है।
मोदी ने कहा कि क्वाड का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भरोसेमंद समाधान विकसित करना और सहयोग के नए अवसर तैयार करना है। उन्होंने मनीला और क्वाड के ऐतिहासिक संबंधों का भी उल्लेख किया। वर्ष 2007 में चारों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक इसी शहर में हुई थी, जबकि 2017 में यहां सहयोग को दोबारा आगे बढ़ाया गया था।
रेयर अर्थ के लिए चीन पर निर्भरता घटाने की रणनीति
क्वाड देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित रखने के लिए हुआ समझौता बैठक का सबसे अहम नतीजा माना जा रहा है। इसके तहत चारों देश रेयर अर्थ सहित जरूरी खनिजों की खोज, खनन, प्रसंस्करण और रीसाइक्लिंग में सहयोग करेंगे। इसके अलावा नए प्रोजेक्ट में निवेश और तकनीक साझा करने की भी योजना है।
दरअसल, रेयर अर्थ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, रक्षा उपकरण और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े उत्पादों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके प्रसंस्करण में चीन की बड़ी हिस्सेदारी है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के अनुसार, 2024 में रेयर अर्थ प्रसंस्करण के क्षेत्र में चीन की हिस्सेदारी करीब 91 प्रतिशत थी। ऐसे में क्वाड की यह पहल वैश्विक आपूर्ति शृंखला में विविधता लाने की दिशा में अहम कदम है।
ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका रेयर अर्थ का उत्पादन तेजी से बढ़ा रहा है और अगले दस महीनों में इस क्षेत्र में चीन के बराबर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान भी अपना उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
क्वाड की चार बड़ी पहलें
बैठक में खनिज सहयोग के अलावा चार प्रमुख पहलों की घोषणा की गई। इनमें क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम, सुपर इंटेलिजेंस एक्सेलरेटर, मैरीटाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग कॉरपोरेशन और साइबर सुरक्षा सहयोग शामिल हैं।
इन पहलों के जरिए चारों देश व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने, उन्नत तकनीक पर संयुक्त काम करने, समुद्री गतिविधियों की निगरानी और साइबर खतरों से निपटने में सहयोग मजबूत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम की पहली बैठक 2027 में मुंबई में आयोजित होगी। इसमें चारों देशों के कारोबारी, सरकारी अधिकारी और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
आसियान देशों के साथ भी सहयोग बढ़ाने की पहल
क्वाड बैठक से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए नौ प्रस्ताव रखे। इनमें आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा, समुद्री सहयोग, साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण, परमाणु ऊर्जा में तकनीकी आदान-प्रदान, स्पेस हैकाथॉन और महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
मोदी ने युवाओं के बीच संपर्क बढ़ाने और नालंदा विश्वविद्यालय में आसियान देशों के छात्रों को छात्रवृत्ति देने का प्रस्ताव भी रखा।
सिंगापुर और थाईलैंड के प्रधानमंत्रियों से भी मुलाकात
मनीला दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग और थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल से भी मुलाकात की। इन बैठकों में व्यापार, रक्षा, सुरक्षा, कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
इसके अलावा मोदी ने ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में अरदास की। उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण और सुधार कार्य की आधारशिला भी रखी। मनीला में हुई क्वाड बैठक को महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।



