
Akshay Kumar: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने काम करने के तरीके और फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। करण जौहर के चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ में अभिनेता रवि किशन के साथ पहुंचे अक्षय ने कहा कि इंडस्ट्री के कई बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों में लेना पसंद नहीं करते। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने अपने आठ घंटे की वर्किंग शिफ्ट का जिक्र किया। शो में दोनों कलाकारों ने अपने करियर और फिल्मी अनुभवों से जुड़े कई पहलुओं पर बातचीत की।
आठ घंटे की शिफ्ट में पूरी मेहनत करते हैं अक्षय
शो के दौरान करण जौहर ने अक्षय कुमार के काम करने के तरीके की तारीफ की। उन्होंने कहा कि अक्षय नए निर्देशकों को भी अवसर देते हैं और फिल्म के निर्देशक के साथ-साथ निर्माता के हितों का भी ध्यान रखते हैं। इस पर अक्षय ने कहा कि कई बड़े लोग उन्हें अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं करना चाहते।
अक्षय ने बताया कि वह सेट पर पहुंचने के बाद अपना पूरा समय काम को देते हैं। उनकी शिफ्ट भले ही आठ घंटे की होती है, लेकिन इस दौरान वह वैनिटी वैन तक नहीं जाते। अभिनेता के मुताबिक, कुछ लोग केवल उनके आठ घंटे काम करने की बात देखते हैं, लेकिन उन घंटों में वह कितनी मेहनत करते हैं, इस पर ध्यान नहीं देते।
रवि किशन ने भी की अक्षय की तारीफ
बातचीत के दौरान रवि किशन ने भी अक्षय कुमार के काम करने के अंदाज की सराहना की। उन्होंने बताया कि वह अक्षय के साथ चार फिल्मों में काम कर चुके हैं और हर बार उन्हें अभिनेता की मेहनत देखने को मिली है।
रवि किशन ने कहा कि अक्षय शूटिंग के दौरान अपना पूरा योगदान देते हैं और समय का ध्यान रखते हैं। इससे फिल्म के निर्माता का पैसा बचता है और प्रोडक्शन का काम भी व्यवस्थित तरीके से पूरा होता है। उन्होंने बताया कि किसी फिल्म की यूनिट में आमतौर पर 300 से 400 लोग काम करते हैं। ऐसे में शूटिंग तय समय पर पूरी होने से पूरी टीम को फायदा मिलता है। रवि के अनुसार, अक्षय करीब 55 दिनों में अपनी फिल्में पूरी कर लेते हैं।
रवि किशन का शो में पहली बार आना
‘कॉफी विद करण 9’ में रवि किशन पहली बार मेहमान बनकर पहुंचे। वहीं अक्षय कुमार इस शो में पांचवीं बार नजर आए। वह पहली बार वर्ष 2014 में करण जौहर के इस चैट शो का हिस्सा बने थे। इस बार दोनों कलाकारों की बातचीत में फिल्मी करियर के साथ-साथ काम के प्रति अनुशासन भी चर्चा का विषय रहा।
‘हैवान’ में नजर आए अक्षय कुमार
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार को फिल्म ‘हैवान’ में देखा गया। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैफ अली खान भी अहम भूमिका में नजर आए। अक्षय लगातार फिल्मों में सक्रिय हैं और अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए दर्शकों के सामने आ रहे हैं।
written by Siddhi Srivastava



