
UP Sugar Mills: उत्तर प्रदेश में गन्ना पेराई सत्र 2026-27 ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद प्रदेश की 96 चीनी मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका है। इन मिलों में अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है। इसी के साथ गन्ना किसानों को भुगतान की प्रक्रिया भी तेज की गई है। विभाग के मुताबिक, अब तक देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के मुकाबले शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान किसानों के बैंक खातों में भेजा जा चुका है।
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि पेराई कार्य शुरू करने वाली 96 मिलों में 78 निजी क्षेत्र की, 17 सहकारी क्षेत्र की और एक निगम क्षेत्र की चीनी मिल शामिल है। सरकार की ओर से मिलों को किसानों के गन्ने का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग इस पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहा है।
हरदोई की हरियावां मिल ने की सबसे ज्यादा पेराई
पेराई के आंकड़ों में हरदोई की हरियावां चीनी मिल सबसे आगे है। इस मिल ने अब तक 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है। दूसरे स्थान पर सीतापुर की हरगांव चीनी मिल है, जहां 21.94 लाख कुंतल गन्ना पेरा गया है। वहीं मुजफ्फरनगर की खतौली चीनी मिल 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई के साथ तीसरे स्थान पर है।
अब तक सबसे अधिक गन्ने की पेराई करने वाली मिलें:
- हरियावां चीनी मिल, हरदोई – 22.41 लाख कुंतल
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर – 21.94 लाख कुंतल
- खतौली चीनी मिल, मुजफ्फरनगर – 20.95 लाख कुंतल
भुगतान में अजबापुर चीनी मिल सबसे आगे
किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान करने के मामले में लखीमपुर खीरी की अजबापुर चीनी मिल (डीसीएम ग्रुप) पहले स्थान पर है। इस मिल की ओर से अब तक किसानों को 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। मेरठ की मवाना चीनी मिल ने 62 करोड़ रुपये और सीतापुर की हरगांव चीनी मिल ने 60.42 करोड़ रुपये किसानों के खातों में भेजे हैं।
सबसे अधिक भुगतान करने वाली चीनी मिलें:
- अजबापुर-डीसीएम ग्रुप, लखीमपुर खीरी – 82 करोड़ रुपये
- मवाना चीनी मिल, मेरठ – 62 करोड़ रुपये
- हरगांव चीनी मिल, सीतापुर – 60.42 करोड़ रुपये
किसानों के बैंक खातों में सीधे पहुंच रही रकम
गन्ना आयुक्त के अनुसार, मौजूदा पेराई सत्र में अब तक किसानों को कुल 552.23 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य देय था। इसके मुकाबले चीनी मिलों की ओर से शत-प्रतिशत से अधिक भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया जा चुका है। सरकार का कहना है कि भुगतान में तेजी आने से किसानों को बिचौलियों और अनावश्यक देरी की परेशानी से राहत मिलेगी। इससे वे अपनी उपज की आपूर्ति भी सुगमता से कर सकेंगे।
भुगतान व्यवस्था की लगातार हो रही निगरानी
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, उन्हें सम्मान देने और उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर गन्ना मूल्य का भुगतान करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि विभाग मिलों की ओर से किए जा रहे भुगतान की लगातार निगरानी कर रहा है, ताकि किसानों को उनकी उपज का पैसा समय पर मिल सके। पेराई सत्र आगे बढ़ने के साथ मिलों की ओर से गन्ना खरीद और भुगतान की प्रक्रिया पर भी नजर रखी जा रही है।
written by Siddhi Srivastava



