
CSIR Recruitment: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे 10वीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (NML), जमशेदपुर ने टेक्नीशियन-1 (ग्रुप-II) के 28 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती में फिटर, टर्नर, इलेक्ट्रिशियन, लैबोरेटरी असिस्टेंट और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित 12 ट्रेडों में नियुक्तियां की जाएंगी। योग्य उम्मीदवार 15 दिसंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 8 जनवरी 2027 तय की गई है।
CSIR-NML ने इस भर्ती के लिए विज्ञापन संख्या 01/2026 जारी किया है। ये पद ग्रुप-सी के गैर-राजपत्रित पद हैं और इनका वेतनमान पे-लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक निर्धारित है। प्रयोगशाला के अनुसार, जमशेदपुर में न्यूनतम वेतनमान पर मकान किराया और परिवहन भत्ते सहित कुल मासिक परिलब्धियां लगभग 37 हजार रुपये होंगी।
12 ट्रेडों में भरे जाएंगे 28 पद
भर्ती के तहत अलग-अलग तकनीकी और व्यावसायिक ट्रेडों में रिक्तियां रखी गई हैं। इनमें सबसे अधिक सात पद लैबोरेटरी असिस्टेंट (केमिकल प्लांट) के हैं। फिटर, टर्नर और इलेक्ट्रिशियन के तीन-तीन पद निर्धारित किए गए हैं। कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA) के भी तीन पद हैं।
ट्रेड के अनुसार पदों का विवरण:
- फिटर – 3 पद
- टर्नर – 3 पद
- इलेक्ट्रिशियन – 3 पद
- लैबोरेटरी असिस्टेंट (केमिकल प्लांट) – 7 पद
- फाउंड्रीमैन – 1 पद
- वेल्डर – 1 पद
- ड्राफ्ट्समैन (सिविल) – 2 पद
- कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट – 3 पद
- कंप्यूटर हार्डवेयर एंड नेटवर्किंग मेंटेनेंस – 1 पद
- ड्राइवर कम मैकेनिक (लाइट मोटर व्हीकल) – 1 पद
- हॉस्पिटल हाउसकीपिंग – 2 पद
- प्लंबर – 1 पद
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें
इन पदों के लिए उम्मीदवार का विज्ञान विषयों के साथ 10वीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसमें न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र या राष्ट्रीय/राज्य ट्रेड प्रमाणपत्र मांगा गया है।
आईटीआई प्रमाणपत्र नहीं होने की स्थिति में भी कुछ उम्मीदवार पात्र हो सकते हैं। इसके लिए संबंधित ट्रेड में किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से दो वर्ष का पूर्णकालिक प्रशिक्षु अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश के मंत्रालय, विभाग, संगठन, सार्वजनिक उपक्रम या स्वायत्त निकाय में संबंधित ट्रेड का तीन वर्ष का कार्य अनुभव रखने वाले अभ्यर्थी भी निर्धारित शर्तों के तहत आवेदन कर सकते हैं। ध्यान रहे कि अनुभव उसी ट्रेड से जुड़ा होना चाहिए, जिसके पद के लिए आवेदन किया जा रहा है।
28 वर्ष है अधिकतम आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख यानी 8 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को पांच वर्ष तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) के अभ्यर्थियों को तीन वर्ष तक की छूट का प्रावधान है। दिव्यांग उम्मीदवारों और अन्य पात्र श्रेणियों के लिए भी नियमानुसार छूट उपलब्ध है। विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन में देखी जा सकती है।
लिखित परीक्षा से पहले होगा ट्रेड टेस्ट
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले स्क्रीनिंग कमेटी आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की छंटनी करेगी। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को संबंधित ट्रेड का टेस्ट देना होगा। यह ट्रेड टेस्ट केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
लिखित परीक्षा में तीन पेपर होंगे। परीक्षा ओएमआर आधारित या कंप्यूटर आधारित बहुविकल्पीय प्रारूप में आयोजित की जाएगी। कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और इसके लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा। पहले पेपर में मानसिक क्षमता से जुड़े 50 प्रश्न होंगे। दूसरे पेपर में सामान्य जागरूकता और अंग्रेजी भाषा के 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। तीसरे पेपर में संबंधित ट्रेड से जुड़े 50 प्रश्न होंगे।
पहले पेपर में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों के ही दूसरे और तीसरे पेपर का मूल्यांकन किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची पेपर-2 और पेपर-3 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क?
इस भर्ती के लिए सामान्य रूप से आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है। इसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से SBI Collect के जरिए करना होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन, महिला उम्मीदवारों और CSIR कर्मचारियों को शुल्क से छूट दी गई है। आरक्षण के पात्र भूतपूर्व सैनिक भी नियमानुसार शुल्क में छूट का लाभ ले सकते हैं।
ऐसे कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार नीचे दिए गए तरीके से आवेदन कर सकते हैं।
- सबसे पहले CSIR-NML की आधिकारिक वेबसाइट https://nml.res.in पर जाएं।
- भर्ती से संबंधित विज्ञापन संख्या 01/2026 को खोलकर निर्देश ध्यान से पढ़ें।
- ऑनलाइन आवेदन पोर्टल https://tiru.ngri.res.in/nml_tech/ पर जाएं।
- रजिस्ट्रेशन करके आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
- संबंधित ट्रेड और पोस्ट कोड का चयन करें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
- लागू होने पर SBI Collect के माध्यम से 500 रुपये शुल्क जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करने के बाद उसकी डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें।
ऑनलाइन आवेदन 15 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। उम्मीदवार 8 जनवरी 2027 को शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। एक से अधिक पोस्ट कोड के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को प्रत्येक पोस्ट कोड के लिए अलग आवेदन और नियमानुसार अलग शुल्क जमा करना होगा।
written by Siddhi Srivastava



