
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक चौधरी महादेव प्रसाद डिग्री कॉलेज के विधि विभाग ने शुक्रवार को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्य एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता राधाकांत ओझा को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए ओझा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए चरित्र निर्माण आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों के आचरण और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रयोग को अपने संबोधन का केंद्र बनाया।
राष्ट्र के निर्माण में नागरिकों के चरित्र की निर्णायक भूमिका होती है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमाओं पर अपना मत रखते हुए उन्होंने कहा कि विचार व्यक्त करते समय समाज पर पड़ने वाले उनके प्रभाव को भी ध्यान में रखना चाहिए। उनके अनुसार, जहा इस स्वतंत्रता के प्रयोग से हमारी सभ्यता और संस्कृति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगे, वहाँ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित किया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चौधरी कौशलेन्द्र नाथ सिंह ने संविधान के प्रति सम्मान की भावना को पारिवारिक जीवन के उदाहरण से समझाया। उन्होंने कहा कि देश की समूची शासन-व्यवस्था संविधान से संचालित होती है। जिस प्रकार हम अपने घर के मुखिया का आदर करते हैं, उसी प्रकार हमें संविधान का भी सम्मान करना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधि विभाग की डॉ. पद्मा अपराजिता परिजा, डॉ. सोनल खरे, डॉ. अंजलिका, डॉ. नंदिनी रायजादा, डॉ. रितु रघुवंशी, डॉ. पूर्णेंदु मिश्रा, डॉ. ब्रह्म देव पांडेय, डॉ. सत्यवान नायक, डॉ. अजय कुमार और डॉ. गौरव पटेल उपस्थित रहे। समारोह में अधिवक्ता संतोष कुमार शुक्ला, प्रो. शशि कांत त्रिपाठी, प्रो. शैलेंद्र तथा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहें।



