Employment News: टीजीटी भर्ती में एकल विषय में दो वर्षीय डिग्रीधारकों को अनंतिम आवेदन की अनुमति : डॉ. प्रशांत कुमार

Employment News: Candidates with a two-year degree in a single subject permitted to apply provisionally for TGT recruitment: Dr. Prashant Kumar

Employment News:टीजीटी भर्ती में स्नातक के बाद एकल विषय में न्यूनतम दो वर्ष का डिग्री पाठ्यक्रम पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को अनंतिम रूप से आवेदन करने और चयन प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति दी गई है। इसके लिए अभ्यर्थियों को स्नातक स्तर पर कम से कम 50 प्रतिशत या स्नातकोत्तर स्तर पर 45 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। पात्र अभ्यर्थी 28 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह जानकारी गुरुवार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि आयोग ने यह निर्णय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 26 नवंबर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में लिया है। यह आदेश रिट याचिका संख्या 18985/2026 (आशुतोष मिश्रा एवं 156 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य) तथा इससे जुड़ी याचिकाओं में पारित किया गया है। आयोग के विज्ञापन संख्या 07/2026 के तहत सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम/टीजीटी) भर्ती के लिए यह व्यवस्था लागू होगी।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद किसी एक विषय में न्यूनतम दो वर्ष का ऐसा डिग्री पाठ्यक्रम पूरा किया है, जिसे स्नातक डिग्री के समकक्ष मान्यता प्राप्त है, वे आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अथवा स्नातकोत्तर में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना जरूरी है। अभ्यर्थियों को विज्ञापन की अंतिम तिथि 28 नवंबर 2026 तक निर्धारित शैक्षिक अर्हताएं पूरी करनी होंगी।

अनंतिम आदेश के अधीन रहेगा अभ्यर्थन

आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन पूरी तरह अनंतिम रहेगा। उनके अंकपत्रों, प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थन निर्धारित शैक्षिक अर्हताओं की पूर्ति और हाईकोर्ट में संबंधित याचिका पर पारित होने वाले अंतिम आदेश के अधीन रहेगा।

Read Also-UP Politics : सपा के घोषणापत्र में सिर्फ वादे नहीं, 2027 का सियासी रोडमैप – मुस्लिम से PDA तक साधे कई समीकरण

Show More

Related Articles

Back to top button