Indian Railway : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अश्विनी वैष्णव ने परखी यात्री सुविधाएं, त्योहारों में रोजाना 8 लाख यात्रियों की भीड़

Indian Railway : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। दिवाली-छठ पर रोजाना 8 लाख यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर 700 AI कैमरे, अतिरिक्त ट्रेनें और RPF तैनात।

Indian Railway : दिवाली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों पर उनका फीडबैक भी लिया।

रेल मंत्री ने बताया कि दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी होती है। दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सामान्य दिनों में रोजाना करीब 5 लाख यात्री आते हैं, जबकि त्योहारों के पीक सीजन में यह संख्या बढ़कर लगभग 8 लाख प्रतिदिन तक पहुंच जाती है।

700 अतिरिक्त AI कैमरों से होगी निगरानी

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए रेलवे ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है। इसके अलावा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 700 अतिरिक्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कैमरे लगाए गए हैं।

रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे का विशेष जोर इस बात पर है कि स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को अपनी ट्रेन तक पहुंचने में कम से कम समय लगे। इसके लिए प्रवेश और निकास व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा रहा है।

नई दिल्ली स्टेशन पर बनाया गया विशेष होल्डिंग एरिया

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है। यहां आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। वहीं, अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए पिछले साल शुरू की गई सुविधा भी जारी है।

अब यात्रियों के प्रवेश और आवाजाही को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से साझा होल्डिंग एरिया भी तैयार किया गया है। सामान की जांच (बैगेज स्क्रीनिंग) की व्यवस्था को स्टेशन भवन के बाहर स्थानांतरित किया गया है। इससे स्टेशन के भीतर पहले टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली जगह को आरामदायक प्रतीक्षालय में बदला जा सका है।

इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर, पीने के पानी, साफ-सुथरे शौचालय और सामान की जांच जैसी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया गया है।

दिल्ली के पांच प्रमुख स्टेशनों पर 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही

रेलवे के आंकड़ों के मुताबिक, 1 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों – नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और सराय रोहिल्ला – पर लगभग 2 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई।

इसी अवधि में मुंबई के बांद्रा टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर करीब 1.5 करोड़ यात्रियों ने आवाजाही की। यहां सामान्य दिनों में रोजाना लगभग 4 लाख यात्री आते हैं, जबकि पीक सीजन में यह संख्या बढ़कर 5 लाख तक पहुंच गई।

हैदराबाद के सिकंदराबाद, काचेगुडा और चार्लापल्ली स्टेशनों पर इस अवधि में करीब 90 लाख यात्रियों की आवाजाही हुई। यहां रोजाना औसतन 2.5 लाख यात्रियों के मुकाबले पीक सीजन में यह संख्या बढ़कर 4 लाख तक पहुंच गई।

बेंगलुरु और सूरत में भी बढ़ा यात्रियों का दबाव

बेंगलुरु के चार प्रमुख रेलवे स्टेशनों – बेंगलुरु सिटी, सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल, यशवंतपुर और येलाहंका – पर 1 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच करीब 1 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां सामान्य दिनों में रोजाना लगभग 2.5 लाख यात्री आते हैं, जबकि त्योहारों के दौरान यह संख्या बढ़कर 3.5 लाख प्रतिदिन हो गई।

वहीं, सूरत और उधना रेलवे स्टेशनों पर इसी अवधि में लगभग 50 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। यहां सामान्य दिनों में रोजाना करीब 1 लाख यात्रियों के मुकाबले पीक सीजन में यह संख्या बढ़कर 1.6 लाख तक पहुंच गई।

रेलवे का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा निगरानी और यात्री सुविधाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर व्यवस्थाओं में जरूरी सुधार भी किए जा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button