Shiva Sharma Murder: शिवा हत्याकांड में श्रद्धा के खुलासों से मची हलचल! पेन ड्राइव में कैद हैं कई सफेदपोशों के राज?

पुलिस पूछताछ में श्रद्धा दुबे को लेकर कई चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। कैफे संचालक से लेकर कथित पेन ड्राइव तक, जांच में कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Shiva Sharma Murder: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड लगातार नए खुलासों के चलते सुर्खियों में है। मामले की जांच के दौरान पुलिस पूछताछ में आरोपी श्रद्धा दुबे और उसके साथियों को लेकर कई चौंकाने वाली बातें सामने आने का दावा किया जा रहा है। आरोप है कि श्रद्धा अपने लिव-इन पार्टनर शिवा शर्मा को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। इतना ही नहीं, वारदात वाले दिन भी उसे अपमानित करने के लिए उसके कपड़े उतरवाए गए और शरीर पर लिपस्टिक पोतकर डांस करने के लिए मजबूर किया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान श्रद्धा की बहन रश्मि, करीबी आमिर और चालक दानिश भी वहां मौजूद थे। पुलिस की पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, इन सभी के सामने शिवा को कथित तौर पर अपमानित किया गया। बताया जा रहा है कि श्रद्धा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह पहले भी शिवा से इस तरह का व्यवहार करती थी। उसके कई वीडियो भी बनाए गए थे, जिनका इस्तेमाल उसे अपने नियंत्रण में रखने के लिए किया जाता था।

शिवा को अपने इशारों पर चलाती थी श्रद्धा?

जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि श्रद्धा शिवा से अपने पैर दबवाने जैसे काम भी करवाती थी। आरोप है कि शिवा लंबे समय से उसके व्यवहार से परेशान था। वारदात वाले दिन भी जब उसे कथित रूप से अपमानित किया गया तो उसने ऐसा करने से बचने के लिए काफी मिन्नतें कीं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, श्रद्धा ने पुलिस को बताया कि शिवा ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी थी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होनी बाकी है।

किसान बाजार का कैफे था श्रद्धा का ठिकाना

इस मामले की जांच में गोमती नगर स्थित किसान बाजार के एक चर्चित कैफे का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह कैफे श्रद्धा दुबे का नियमित ठिकाना था। वह अक्सर यहां जाती थी और हुक्का पीती थी। पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि इसी जगह से वह नए लोगों से संपर्क करती थी।

श्रद्धा और उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद कैफे संचालक के कथित तौर पर फरार होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि कैफे संचालक से पूछताछ में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

अफसरों और सफेदपोशों के साथ तस्वीरें होने का दावा

शिवा हत्याकांड में सबसे ज्यादा चर्चा श्रद्धा दुबे के पास मौजूद बताई जा रही तस्वीरों और पेन ड्राइव को लेकर हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रद्धा ने शिवा को कुछ ऐसी तस्वीरें दिखाई थीं, जिनमें वह कथित तौर पर बड़े अधिकारियों के साथ पार्टी में नजर आ रही थी।

जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा के पास कई अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें मौजूद थीं। इन्हीं तस्वीरों के जरिए वह लोगों पर अपना प्रभाव जमाती थी और कथित तौर पर उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश करती थी।

Ramlila Maidan Rally: प्रियंका गांधी को मंच पर बोलने का मौका नहीं मिलने पर BJP का कांग्रेस पर हमला, राहुल गांधी को लेकर किया दावा

पेन ड्राइव में क्या है? ‘सर जी’ का नाम भी आया सामने

पूछताछ के दौरान श्रद्धा ने एक पेन ड्राइव का जिक्र किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसने दावा किया कि इस पेन ड्राइव में कुछ अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से जुड़ी तस्वीरें और अन्य सामग्री सुरक्षित है। आरोप है कि वह इस सामग्री का इस्तेमाल लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए करती थी।

पूछताछ में ‘सर जी’ नाम के एक व्यक्ति का जिक्र भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि श्रद्धा ने दावा किया कि उनके माध्यम से हजरतगंज थाने में एक एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, इस कथित पेन ड्राइव में वास्तव में क्या सामग्री मौजूद है और उसमें जिन लोगों का जिक्र किया जा रहा है, उनकी भूमिका क्या है, यह अभी जांच का विषय है।

फिलहाल लखनऊ पुलिस इस पूरे मामले की अलग-अलग कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। शिवा की मौत से जुड़े घटनाक्रम, श्रद्धा और उसके साथियों की भूमिका, कैफे संचालक के संपर्कों और पेन ड्राइव में मौजूद कथित सामग्री की जांच अहम मानी जा रही है। आने वाले दिनों में पुलिस की जांच से इस मामले से जुड़े कई अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकता है।

Show More

Related Articles

Back to top button