
Apple TV: अगर आप इंस्टाग्राम पर Reels देखना पसंद करते हैं और अक्सर सोचते हैं कि इन्हें बड़ी स्क्रीन पर देखने का अनुभव अलग ही होगा, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta ने Instagram को आधिकारिक तौर पर Apple TV के लिए उपलब्ध करा दिया है। अब यूजर्स अपने लिविंग रूम में बैठकर टीवी की बड़ी स्क्रीन पर पसंदीदा Reels, लंबे वीडियो और लाइव शो का लुत्फ उठा सकते हैं।
App Store पर उपलब्ध हुई ऐप, ये हैं जरूरी शर्तें
अब Apple TV के App Store पर Instagram ऐप डाउनलोड के लिए उपलब्ध हो गई है। इससे पहले ऐप स्टोर लिस्टिंग में सिर्फ iPhone और iPad सपोर्ट का ही जिक्र होता था, लेकिन अब इसमें Apple TV को भी जोड़ दिया गया है।
-
सॉफ्टवेयर आवश्यकता: इस ऐप को चलाने के लिए आपके Apple TV में tvOS 26.0 या इससे नया ऑपरेटिंग सिस्टम होना जरूरी है।
-
कीमत: यह ऐप डाउनलोड करने के लिए पूरी तरह फ्री है, हालांकि इसमें इन-ऐप खरीदारी (In-App Purchases) के विकल्प मौजूद हैं।
Reels के अलावा लंबे वीडियो और सिंक फीचर का मिलेगा फायदा
टीवी पर Instagram का अनुभव सिर्फ छोटी Reels तक सीमित नहीं रहेगा। यूजर्स अपने पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर्स के वीडियो ढूंढ सकते हैं और नए ट्रेंड्स को एक्सप्लोर कर सकते हैं। इसके अलावा ऐप में लंबे वीडियो, माइक्रो ड्रामा और लाइव शो भी शामिल किए गए हैं। सबसे खास बात यह है कि इसमें ‘क्रॉस-डिवाइस सिंक’ (Continuity) फीचर दिया गया है—यानी अगर आपने फोन पर कोई वीडियो देखना बीच में छोड़ा है, तो टीवी पर ऐप खोलते ही वह वहीं से शुरू होगा।
Google TV और Fire TV के बाद Apple TV की बारी
Meta पिछले कुछ समय से इंस्टाग्राम को स्मार्ट टीवी का हिस्सा बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। कंपनी ने इसकी शुरुआत दिसंबर 2025 में अमेरिका में Amazon Fire TV डिवाइस पर टेस्टिंग के साथ की थी। इसके बाद फरवरी 2026 में Google TV और जून 2026 में Samsung Smart TV पर ऐप रोलआउट की गई। अब Apple TV पर ऐप लाकर Meta ने बड़े टीवी इकोसिस्टम को कवर कर लिया है।
फैमिली व्यूइंग पर Meta का फोकस
कंपनी का मानना है कि स्मार्टफोन की छोटी स्क्रीन पर वीडियो अकेले देखे जाते हैं, जबकि टीवी की बड़ी स्क्रीन पर कंटेंट को दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करके देखा जा सकता है। Meta अब सिर्फ शॉर्ट-फॉर्म Reels ही नहीं, बल्कि लंबे वीडियो और माइक्रो-ड्रामा जैसे नए फॉर्मेट्स को भी टीवी यूजर्स तक पहुंचाना चाहती है।
written by Siddhi Srivastava



