
Pratapgarh News: तहसील लालगंज में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 137 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग की 7 और पुलिस विभाग की 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस तरह कुल 11 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।
सबसे ज्यादा शिकायतें राजस्व विभाग से
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 137 शिकायतों में सबसे अधिक 37 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग की 29, विकास विभाग की 7, समाज कल्याण विभाग की 5 और बेसिक शिक्षा विभाग की 2 शिकायतें प्राप्त हुईं।
वहीं विद्युत विभाग से 10, आपूर्ति विभाग से 3 और अन्य विभागों से संबंधित 44 शिकायतें अधिकारियों के सामने रखी गईं।
प्रभारी डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि फरियादी कार्रवाई से संतुष्ट हो।
प्रभारी डीएम ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में अनदेखी या शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के 8,883 छात्र-छात्राओं को 2.16 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वितरित
भूमि विवादों के निस्तारण पर विशेष जोर
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रभारी जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े विवादों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों का निष्पक्ष और जल्द समाधान कराया जाए। शासन के निर्देशों के अनुसार भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया गया।
गरीब और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि कोई भी पात्र और गरीब व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी विभागों को अपने स्तर पर सतर्कता बरतने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



