
Hurun Rich List 2026: एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। गौतम अडाणी और उनका परिवार देश के सबसे अमीर कारोबारी परिवार बन गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अडाणी परिवार की कुल संपत्ति 13 फीसदी बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके परिवार की संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई है। इसके साथ ही अंबानी परिवार दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।
23 सितंबर को जारी हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में 1,000 करोड़ रुपये या उससे अधिक संपत्ति वाले 1,810 लोगों को शामिल किया गया है। इन सभी की कुल संपत्ति बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
एलएन मित्तल तीसरे स्थान पर पहुंचे
आर्सेलरमित्तल के एलएन मित्तल और उनका परिवार इस साल रिच लिस्ट में आठ पायदान ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उनकी संपत्ति 93 फीसदी बढ़कर 3.39 लाख करोड़ रुपये हो गई। रिपोर्ट में स्टील की बढ़ती कीमतों और यूरोप के स्टील ट्रेड प्रोटेक्शन उपायों को उनकी संपत्ति में बढ़ोतरी से जोड़ा गया है।
वेदांता के अनिल अग्रवाल और उनका परिवार 87 फीसदी की बढ़त के साथ 2.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर है। वहीं टॉरेंट फार्मास्युटिकल्स के समीर मेहता और उनका परिवार 52 फीसदी वृद्धि के साथ 1.89 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहली बार टॉप-10 में शामिल हुआ है।
रोशनी नादर मल्होत्रा भारत की सबसे अमीर महिला
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में महिलाओं की संख्या भी बढ़ी है। इस साल सूची में 131 महिलाएं शामिल हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 100 थी।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नादर मल्होत्रा 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।
पहली बार अलग सेक्टर के तौर पर शामिल हुआ AI
हुरुन रिच लिस्ट 2026 में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को अलग सेक्टर के तौर पर शामिल किया गया है। AI सेक्टर से 19 कारोबारी सूची में शामिल हुए हैं, जिनकी कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।
इनमें 15 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने पहली बार रिच लिस्ट में जगह बनाई है। इन नए AI बिजनेस पर्सन की कुल संपत्ति 1.82 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। कंट्रोल एस डेटासेंटर्स, योट्टा, एस्टेरा लैब्स, पैरेलल वेब सिस्टम्स, सर्वम एआई और इमर्जेंट एआई जैसी कंपनियों के प्रमोटर इस सूची में शामिल हैं।
28 साल के तनय कोठारी और सहज गर्ग सबसे युवा AI कारोबारी
AI सेक्टर ने युवा उद्यमियों को भी रिच लिस्ट में जगह दिलाई है। AI कंपनी ‘विस्प्र फ्लो’ के संस्थापक तनय कोठारी और सहज गर्ग, दोनों 28 वर्ष के हैं। दोनों की व्यक्तिगत संपत्ति करीब 4,200 करोड़ रुपये आंकी गई है। हुरुन सूची में शामिल होने वाले ये सबसे युवा AI बिजनेस पर्सन हैं।
भारत में डॉलर अरबपतियों की संख्या 391 पहुंची
रिपोर्ट के मुताबिक भारत में एक साल में 27 नए डॉलर अरबपति जुड़े हैं। इसके साथ ही देश में 1 अरब डॉलर से अधिक संपत्ति वाले अरबपतियों की संख्या बढ़कर 391 हो गई है। पांच साल पहले यह संख्या 237 थी।
पूरी रिच लिस्ट में इस साल 128 नए नाम जुड़े हैं, जबकि पिछले पांच वर्षों में 803 नए लोग सूची में शामिल हुए हैं। सूची में शामिल लोगों में करीब 70 फीसदी यानी 1,266 लोग सेल्फ-मेड हैं।
इंडस्ट्रियल प्रॉडक्ट्स सेक्टर सबसे आगे
सेक्टर के आधार पर देखें तो ‘इंडस्ट्रियल प्रॉडक्ट्स’ से जुड़े 166 अमीर हुरुन सूची में शामिल हैं। इसके बाद केमिकल्स सेक्टर के 142 और फार्मास्युटिकल्स सेक्टर के 136 अमीर सूची में हैं।
शहरों के मामले में मुंबई 465 अमीरों के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद नई दिल्ली में 236 और बेंगलुरु में 129 अमीर रहते हैं।
Hurun Rich List 2026 : प्रमुख आंकड़े
- गौतम अडाणी परिवार की संपत्ति: ₹9.23 लाख करोड़
- मुकेश अंबानी परिवार की संपत्ति: ₹8.63 लाख करोड़
- एलएन मित्तल परिवार की संपत्ति: ₹3.39 लाख करोड़
- भारत की सबसे अमीर महिला: रोशनी नादर मल्होत्रा
- रिच लिस्ट में कुल लोग: 1,810
- भारत में डॉलर अरबपति: 391
- AI सेक्टर से सूची में शामिल अमीर: 19
- सबसे ज्यादा अमीरों वाला शहर: मुंबई (465)



