
Pratapgarh News:अवैध लकड़ी के कारोबार और वन संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने कुंडा रेंज क्षेत्र में अभियान तेज कर दिया है। रेंजर कुंडा आशीष सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने बिहार ब्लॉक क्षेत्र में कई आरा मशीनों पर अचानक छापेमारी और जांच की। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही लकड़ी कारोबारियों और आरा मशीन संचालकों में खलबली मच गई।
बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम दर्जनों वनकर्मियों के साथ बाघराय थाना क्षेत्र के कमासिन समेत आसपास के कई स्थानों पर पहुंची और आरा मशीनों की जांच की। टीम ने लकड़ी के भंडारण, उसके स्रोत और संबंधित दस्तावेजों सहित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी जुटाई।
वन विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति रही। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध कटान एवं लकड़ी के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
रेंजर आशीष सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन विभाग की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। विभाग की टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और सूचना मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
वन विभाग के इस अभियान से आरा मशीन संचालकों और लकड़ी कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Read Also-Imran Khan Sisters News-इमरान की बहनों की हिरासत के खिलाफ अदालत पहुंचा परिवार, तत्काल रिहाई की मांग
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



