
Pratapgarh News:महेशगंज पुलिस ने हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को प्राथमिक विद्यालय गुजवर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. हारुन पुत्र मो. मूसा, निवासी गुजवर, थाना महेशगंज के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 57 वर्ष बताई गई है।
2018 में दर्ज हुआ था हत्या का मुकदमा
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर 2018 को मो. जमील अहमद ने महेशगंज थाने में सूचना दी थी कि उनके सगे भाई मो. मुन्ना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 188/2018 के तहत हत्या की धारा 302 भादवि में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हारुन को मामले में आरोपी बनाया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय के आदेश पर 31 अक्टूबर 2019 को उसके खिलाफ धारा 82 सीआरपीसी के तहत उद्घोषणा भी जारी की गई थी। इसके बाद भी उसके हाजिर न होने पर उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 293/2019, धारा 174ए भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देश पर वांछित, वारंटी और इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशगंज पुलिस ने कार्रवाई की। थानाध्यक्ष राहुल कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ महेशगंज थाने में हत्या और न्यायालय की उद्घोषणा के बावजूद हाजिर न होने से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राहुल कुमार गौतम, कांस्टेबल प्रेमवीर सिंह, रामवीर सिंह, लालबहादुर वर्मा, रिजर्व कांस्टेबल मनेन्द्र कुमार और अस्थायी चालक कांस्टेबल सुमित सिंह शामिल रहे।
Read Also-UP CM News-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को वितरित करेंगे 3,567 नियुक्ति पत्र
रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



