UGC NET 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने UGC NET जून 2026 री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन चैलेंज भी कर सकते हैं।
इन विषयों की जारी हुई Answer Key
एनटीए ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों के री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर की जारी की है। इन विषयों की परीक्षाएं 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थीं। प्रश्न पत्रों में सामने आई तकनीकी, अनुवाद और भाषा संबंधी त्रुटियों के बाद परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया गया था।
13 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
जो उम्मीदवार किसी उत्तर से असहमत हैं, वे 13 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर चैलेंज करने के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।
ऐसे देखें Answer Key और Response Sheet
उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर सकते हैं। लॉगिन के बाद प्रोविजनल आंसर की, प्रश्न पत्र और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इसके बाद संबंधित प्रश्न का चयन कर आपत्ति दर्ज की जा सकती है।
एक्सपर्ट कमेटी करेगी अंतिम फैसला
एनटीए ने बताया है कि प्राप्त सभी आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों की समिति करेगी। यदि किसी चुनौती को सही पाया जाता है तो फाइनल आंसर की में संशोधन किया जाएगा। संशोधित उत्तर कुंजी के आधार पर ही UGC NET जून 2026 का परिणाम तैयार किया जाएगा। वहीं, स्वीकार की गई आपत्तियों के लिए जमा शुल्क भी उम्मीदवारों को वापस किया जा सकता है।
written by Siddhi Srivastava