
Entertainment News: ‘मिर्जापुर द मूवी’ रिलीज के बाद अब अपने एक गीत को लेकर विवादों में घिर गई है। फिल्म में इस्तेमाल किए गए ‘शूरवीर’ गीत को महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और त्याग से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी गीत के इस्तेमाल को लेकर राजस्थान में विरोध के सुर तेज हो गए हैं।
राजस्थान के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने भी इस मामले में आपत्ति जताते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के चेयरमैन शशि शेखर वेम्पति को पत्र लिखा है। उन्होंने फिल्म से गीत हटाने की मांग की है।
महाराणा प्रताप के गीत को लेकर क्या है विवाद?
राजेंद्र राठौड़ का कहना है कि महाराणा प्रताप देशभर में वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं। ऐसे में उनके शौर्य से जुड़े गीत को अगर फिल्म में आपराधिक या गैंगस्टर किरदारों वाले दृश्यों के साथ इस्तेमाल किया गया है, तो यह उचित नहीं है।
उन्होंने CBFC से गीत को फिल्म से हटाने और ऐतिहासिक महापुरुषों से जुड़े प्रतीकों के कथित गलत इस्तेमाल पर भविष्य में भी ध्यान देने की मांग की है।
करणी सेना ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
विवाद के बीच श्री राष्ट्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने भी मोर्चा खोल दिया है। मकराना ने CBFC और सरकार को 24 घंटे का समय देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि इसके बाद संगठन अपनी आगे की रणनीति तय करेगा।
मकराना ने स्पष्ट किया कि उन्हें फिल्म के किरदारों से आपत्ति नहीं है, बल्कि ‘शूरवीर’ गीत के इस्तेमाल पर सवाल है। उनके मुताबिक, फिल्म में माफिया किरदारों के साथ इस गीत का इस्तेमाल महाराणा प्रताप के शौर्य को अपराध से जोड़ने जैसा प्रतीत होता है।
कॉपीराइट को लेकर भी उठे सवाल
मकराना ने गीत के कथित कॉपीराइट को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि जिस कलाकार का यह गीत है, उससे फिल्म में इसके इस्तेमाल की अनुमति नहीं ली गई। ऐसे में अब विवाद सम्मान और प्रस्तुति के साथ-साथ कथित कॉपीराइट उल्लंघन तक पहुंच गया है।
मकराना ने फिल्म इंडस्ट्री में ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान रखने वाले समुदायों के चित्रण को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्मों में कुछ समुदायों और जातियों को एक खास तरह की नकारात्मक छवि में पेश किया जाता रहा है।
अब नजर इस बात पर है कि CBFC और फिल्म निर्माता इस विवाद पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं। क्या ‘शूरवीर’ गीत को फिल्म से हटाया जाएगा या निर्माता इसके इस्तेमाल को लेकर अपनी सफाई देंगे, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।



