
Chandauli News: महिला कल्याण विभाग और द हंस फाउंडेशन के हंस कम्युनिटी वेलनेस प्रोग्राम (HCWP) के तहत मंगलवार को मल्टीपर्पज हॉल, एकौनी में किशोरियों और महिलाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रागिनी सिंह, चाइल्ड हेल्पलाइन से सोनी विश्वकर्मा और संजय कुमार तथा महिला कल्याण विभाग से पुष्पा कुशवाहा ने महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा, अधिकारों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
80 किशोरियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों का उत्साह बढ़ाने के लिए 80 किशोरियों को कप, मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा किशोरियों को सैनिटरी पैड भी वितरित किए गए।
जिला प्रोबेशन कार्यालय की ओर से चार पंचायतों के किशोरी क्लबों को स्पोर्ट्स किट भी उपलब्ध कराई गई। इसका उद्देश्य किशोरियों को खेलकूद और सामुदायिक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनके व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना है।
विभिन्न विभागों और पंचायत प्रतिनिधियों की रही सहभागिता
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य रिंकू मौर्य और ग्राम प्रशासक आकाश कुमार का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बजहा, सलेंमपुर, एकौनी, पुरवा, सिकरी और बरनपुर कला पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं प्रशासक, पंचायत सचिव, प्रधानाचार्य, शिक्षक, VHWs, ASHA और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हंस कम्युनिटी वेलनेस प्रोग्राम के प्रोजेक्ट मैनेजर सरफुद्दीन और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर विवेक मिश्रा ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सरफुद्दीन और विवेक मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ाने, अधिकारों की जानकारी देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।



