Indian Railway : ग्वालियर-चंबल को मिली नई रेल कनेक्टिविटी, कैलारस-बीरपुर गेज परिवर्तित सेक्शन का उद्घाटन

Indian Railway : अश्विनी वैष्णव ने कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर गेज परिवर्तित रेल सेक्शन का उद्घाटन किया। ग्वालियर-कैलारस ट्रेन अब बीरपुर तक जाएगी, जिससे 100 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा।

Indian Railway : ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य प्रदेश में 56 किलोमीटर लंबे कैलारस-सबलगढ़-बीरपुर गेज परिवर्तित रेल सेक्शन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस दौरान ग्वालियर-कैलारस ट्रेन को बीरपुर तक बढ़ाने के लिए हरी झंडी भी दिखाई गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। ट्रेन सेवा के बीरपुर तक विस्तार से बीरपुर, विजयपुर और सबलगढ़ को ग्वालियर से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए ग्वालियर पहुंचने में सुविधाजनक और किफायती परिवहन विकल्प मिलेगा।

100 से अधिक गांवों को मिलेगा लाभ

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कैलारस-बीरपुर गेज परिवर्तन परियोजना से मुरैना जिले की बमोर, जौरा, कैलारस और सबलगढ़ तहसीलों तथा श्योपुर जिले की बीरपुर, श्योपुर और कराहल तहसीलों के 100 से अधिक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस रेल कनेक्टिविटी को आगे श्योपुर कलां और फिर कोटा तक बढ़ाने की योजना है। इससे क्षेत्र को बड़े शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्रों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

अगले सेक्शन का काम लगभग पूरा

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बीरपुर-सेरोनी रोड के 37 किलोमीटर और सेरोनी रोड-श्योपुर कलां के 33 किलोमीटर लंबे सेक्शन का काम लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरी ग्वालियर-श्योपुर कलां रेल लाइन आने वाले महीनों में लोगों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।

मध्य प्रदेश के रेलवे बजट में बड़ा इजाफा

रेल मंत्री के मुताबिक, मध्य प्रदेश के लिए रेलवे बजट 2009-14 के दौरान ₹632 करोड़ से बढ़कर 2026-27 में ₹15,188 करोड़ हो गया है। यह करीब 24 गुना वृद्धि है। राज्य में लगभग ₹1.55 लाख करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट वर्तमान में चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 80 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का काम चल रहा है। राज्य को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जबकि सात अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत की गई है। मनमाड-इंदौर नई रेल लाइन समेत कई तीसरी और चौथी लाइन परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

वैष्णव ने कहा कि 2014 से अब तक भारतीय रेलवे में 5.54 लाख से अधिक कर्मचारियों की भर्ती की गई है। उन्होंने रेलवे विद्युतीकरण और आधुनिकीकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में बताया।

सिंधिया ने बताया ऐतिहासिक दिन

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कैलारस से बीरपुर तक रेल लाइन के विस्तार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि रेल सेवा को आगे श्योपुर और फिर कोटा तक बढ़ाने से क्षेत्र के लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।

सिंधिया के अनुसार, रेलवे लाइन केवल परिवहन का साधन नहीं है, बल्कि यह शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक सुविधाओं तक पहुंच को भी आसान बनाती है। उन्होंने कहा कि बीरपुर तक रेल सेवा पहुंचने से कैलारस, सबलगढ़, रामपहाड़ी, विजयपुर और बीरपुर क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।

उद्योग और रोजगार को मिलेगी रफ्तार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार से ग्वालियर-चंबल और मालवा क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से औद्योगिक विकास, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने बैटरी एनर्जी स्टोरेज, फुटवियर, हाइड्रोजन मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में ग्वालियर-चंबल की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी इन क्षेत्रों के विकास को गति देगी।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button