UP News : पीआरडी जवानों को बड़ी सौगात, ड्यूटी भत्ता 600 रुपये और परिवार समेत 5 लाख तक मुफ्त इलाज

UP News : सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में पीआरडी जवानों का ड्यूटी भत्ता 500 से बढ़ाकर 600 रुपये किया। स्वयंसेवकों और परिवार को सालाना 5 लाख तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये करने का ऐलान किया। साथ ही पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित किए। इसके अलावा लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।

2019 से अब तक चार बार बढ़ा ड्यूटी भत्ता

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2019 तक पीआरडी स्वयंसेवकों को 250 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलता था। उनकी सरकार ने 2019 में इसे 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पीआरडी के 75 वर्षों के इतिहास में भत्ता 250 रुपये तक ही पहुंचा था, जबकि पिछले आठ वर्षों में यह बढ़कर 600 रुपये होने जा रहा है।

31 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवारों को सरकारी तथा सरकार से इम्पैनल्ड अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। योजना से प्रदेश के 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक लाभान्वित होंगे। परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर करीब 1.55 लाख से अधिक लोगों को इसका लाभ मिलने की बात कही गई।

सीएम ने कहा कि आपदा, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, ट्रैफिक व्यवस्था और चुनाव ड्यूटी समेत विभिन्न जिम्मेदारियों में पीआरडी स्वयंसेवकों ने पुलिस और प्रशासन का सहयोग किया है।

पीआरडी का बजट 543 करोड़ रुपये पहुंचा

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि 2017 से पहले पीआरडी का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।

कार्यक्रम में दस पीआरडी स्वयंसेवकों को मुख्यमंत्री के हाथों कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी दिए गए।

सीएम योगी ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

सम्मेलन के दूसरे सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए पूर्व की समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में प्रदेश का विकास सीमित रहा और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का दावा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में विकास और कानून-व्यवस्था की स्थिति में बदलाव आया है। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और अव्यवस्था की स्थिति रहती थी, जबकि अब सड़क, बिजली और सुरक्षा के क्षेत्र में सुधार हुआ है।

यूपी को बताया देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं बल्कि देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। उनके मुताबिक, राज्य की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हुई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर करीब 1.20 लाख रुपये हो गई है।

मुख्यमंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों को ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी नागरिकों की है और समाज को जाति, क्षेत्र तथा भाषा के आधार पर बांटने के प्रयासों से सतर्क रहने की जरूरत है।

Show More

Related Articles

Back to top button