
Lucknow News : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ परिसर में गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन रॉय ने उच्च न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राष्ट्रभक्ति और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान का गायन हुआ। पीएसी बैंड ने भी मनमोहक प्रस्तुति देकर समारोह में देशभक्ति का रंग भर दिया। कार्यक्रम संविधान में निहित मूल्यों के प्रति सम्मान, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आयोजित किया गया।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
समारोह के बाद वरिष्ठ न्यायमूर्ति राजन रॉय के साथ अन्य न्यायमूर्तियों, उनके जीवनसाथियों और सेवानिवृत्त न्यायमूर्तियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में सहभागिता की।
न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उच्च न्यायालय के वरिष्ठ निबंधक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता, मुख्य स्थायी अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता तथा अवध बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, महासचिव और कार्यकारिणी के सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।
समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया।



