
Delhi Laxmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए सरकार की ओर से बड़ी योजना शुरू की गई है। Delhi Laxmi Yojana के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से लाई गई है। योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर से शुरू होने की जानकारी दी गई है।
हालांकि, इस योजना का लाभ दिल्ली की हर महिला को नहीं मिलेगा। इसके लिए सरकार ने कुछ जरूरी पात्रता शर्तें तय की हैं। अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहती हैं तो आवेदन से पहले इन शर्तों को जरूर जान लें।
किन महिलाओं को मिलेगा लक्ष्मी योजना का लाभ?
Delhi Laxmi Yojana का लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा महिला के परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योजना के लिए आवेदन करने वाली महिला का परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होना भी जरूरी बताया गया है। साथ ही महिला को कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी होना चाहिए और उसका दिल्ली की मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है।
इसके अलावा आवेदन करने वाली महिला के परिवार की वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए। इन सभी शर्तों को पूरा करने वाली महिलाएं योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।
कहां से करना होगा रजिस्ट्रेशन?
सरकार ने योजना से संबंधित आवेदन के लिए पोर्टल उपलब्ध कराया है। आवेदन करने के लिए सबसे पहले dly.delhi.gov.in पोर्टल पर जाना होगा। यहां ‘Apply/आवेदन’ विकल्प पर क्लिक करने के बाद Citizen Login का पेज खुलेगा।
रजिस्ट्रेशन के दौरान आवेदक को आधार नंबर, आधार कार्ड पर दर्ज नाम, लिंग, जन्म तिथि और कैप्चा जैसी जानकारी भरनी होगी। इसके बाद ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इसके बाद आवेदक की एक Registration ID बनेगी और पासवर्ड पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।
आवेदन कैसे करें?
रजिस्ट्रेशन के बाद Citizen Login के जरिए पोर्टल पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद आवेदन फॉर्म खुलेगा, जिसमें मांगी गई जानकारी भरनी होगी।
आवेदक को आधार नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड समेत जरूरी निजी जानकारी देनी होगी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरनी होगी। बैंक खाते की जानकारी भी देनी होगी, ताकि योजना की राशि खाते से जुड़ी प्रक्रिया के तहत प्राप्त हो सके।
इसके बाद जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करके फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन के साथ सांसद या विधायक के समर्थन वाली चिट्ठी अपलोड करने की जानकारी भी दी गई है। आवेदन जमा करने के बाद इसकी रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रखी जा सकती है। पोर्टल के जरिए आवेदन की स्थिति भी ट्रैक की जा सकती है।



