
Pratapgarh Lekhpal Protest: प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील में लेखपाल संघ ने पदोन्नति, वेतन विसंगति और अन्य लंबित मांगों को लेकर समाधान दिवस के दौरान एसडीएम वाचस्पति सिंह को ज्ञापन सौंपा। तहसील इकाई अध्यक्ष केके सरोज और महामंत्री मो. अकरम खान के नेतृत्व में राजस्व परिषद के अध्यक्ष को संबोधित इस ज्ञापन में शासन स्तर पर लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।
ज्ञापन में कहा गया कि लेखपालों को वेतन विसंगति, लंबित पदोन्नति, संसाधनों की कमी और लगातार बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब तक इनका समाधान नहीं किया गया है। संघ ने वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों की प्रशिक्षण परीक्षा का परिणाम 11 महीने बाद भी घोषित न किए जाने पर भी नाराजगी जताई।
लेखपालों ने भत्तों में लंबे समय से कोई वृद्धि न होने का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। संघ के अध्यक्ष केके सरोज ने चेतावनी दी कि यदि शासन ने जल्द ही लंबित मांगों का समाधान नहीं किया तो इसका असर शासकीय कार्यों पर पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और राजस्व परिषद की होगी।
एसडीएम वाचस्पति सिंह ने लेखपालों को भरोसा दिलाया कि उनका ज्ञापन राजस्व परिषद को भेज दिया जाएगा। इस दौरान प्रतिमा सिंह, कुलदीप, अमर सिंह, राजीव, गौरव मिश्र, विवेक मिश्र, अंकित यादव, इरफान अहमद, सुनील कनौजिया और केके सिंह सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।



