
Pratapgarh Congress Meeting: प्रतापगढ़ के इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. दीपक शुक्ल ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और जनसरोकार के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को प्रयागराज में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।
डॉ. नीरज त्रिपाठी ने यह भी कहा कि प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के विरोध में जल्द ही कांग्रेस धरना-प्रदर्शन करेगी और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक का संचालन कर रहे चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. दीपक शुक्ल ने बताया कि 20 अगस्त को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर जिला कांग्रेस कार्यालय, इंदिरा भवन में निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस शिविर में जिले के वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
UP News: साधु वेश में संसद पहुंचे सांसदों ने किया संसद व सनातन का अपमान : जयवीर सिंह
बैठक में संगठन विस्तार, पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. वसीम खान, जिला महासचिव डॉ. शमीम अहमद अंसारी, डॉ. संजय कुमार पाल, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रामचंद्र गुप्ता, डॉ. राम शिरोमणि मौर्य, राजकुमार और पप्पू शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के कोषाध्यक्ष एवं कंट्रोल रूम इंचार्ज वेदान्त तिवारी ने बैठक की जानकारी दी।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



