Baba Ghuisarnath Dham Inspection: श्रावण मेले से पहले बाबा घुइसरनाथ धाम पहुंचे एडीजी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया औचक जायजा

एडीजी ज्योति नारायण ने सुरक्षा, सीसीटीवी, महिला पुलिस तैनाती और कांवड़ मार्ग पर सघन चेकिंग के दिए निर्देश

Baba Ghuisarnath Dham Inspection: श्रावण माह में बाबा घुइसरनाथ धाम पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने बुधवार को बाबा घुइसरनाथ धाम का औचक निरीक्षण किया। एडीजी के अचानक पहुंचने से पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के साथ मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने सई घाट पर नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट पर रस्सी से घेराबंदी, गोताखोरों की तैनाती और नावों को पूरी तरह अलर्ट रखने पर जोर दिया। साथ ही गंगा सरोवर में श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

मुख्य मंदिर परिसर से लेकर पूरे मेला क्षेत्र तक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश देते हुए एडीजी ने कहा कि हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने पैदल सेतु, सई तटवर्ती क्षेत्र तथा भगवान शिव की प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया और वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

एडीजी ज्योति नारायण ने लालगंज और सांगीपुर पुलिस को कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और आवश्यक कार्रवाई करने के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

Pratapgarh Police Encounter: पुलिस मुठभेड़ में झपटमारी का वांछित आरोपी शुभम तिवारी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने मेला क्षेत्र के व्यापारियों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सांगीपुर थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए कि मेले में किसी भी दुकानदार से अवैध वसूली की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। यदि ऐसी कोई शिकायत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक ने बाबा घुइसरनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने उन्हें सुरक्षा व्यवस्थाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। मंदिर के महंत मयंक भाल गिरि, प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष मिश्र, अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल तथा मुन्ना पांडेय ने एडीजी और पुलिस अधीक्षक को बाबा घुइसरनाथ धाम का चित्र एवं महोत्सव दर्पण भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक राजीव द्विवेदी, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी इन्द्र प्रताप, सांगीपुर बीडीओ राजेन्द्र नाथ पांडेय, प्रभारी निरीक्षक लालगंज आलोक कुमार, सांगीपुर थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button