UP News : ‘नेशन फर्स्ट’ हर नागरिक का भी कर्तव्य’, प्रयागराज में नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 में बोले सीएम

UP News : प्रयागराज में नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आधुनिक युद्ध साइबर और डेटा तक फैल चुका है। यूपी डिफेंस कॉरिडोर और स्टार्टअप्स पर भी जोर।

UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आधुनिक युद्ध अब पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर साइबर, स्पेस, डेटा नेटवर्क और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक स्पेक्ट्रम तक पहुंच चुका है। ऐसे में “नेशन फर्स्ट” केवल सैनिकों का नहीं, बल्कि हर नागरिक का मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए, क्योंकि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं है।

मुख्यमंत्री बुधवार को प्रयागराज में आयोजित “रक्षा त्रिवेणी संगम” थीम पर आधारित नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के युद्ध में कीबोर्ड, सैटेलाइट और डेटा भी उतने ही प्रभावी हथियार बन चुके हैं, जितने पारंपरिक हथियार। दुश्मन के कम्युनिकेशन सिस्टम को बाधित करना और अपने नेटवर्क को सुरक्षित रखना आधुनिक सुरक्षा रणनीति का अहम हिस्सा है।

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय सैनिक सियाचिन की बर्फीली चोटियों से लेकर रेगिस्तान, जंगल, समुद्र और आकाश तक हर चुनौती का सामना करते हैं। उनकी सतर्कता के कारण देश सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि अब युद्ध “मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस” का रूप ले चुका है, जिसमें साइबर और स्पेस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है।

डिफेंस सेक्टर में यूपी की बड़ी प्रगति

मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता समय की मांग है। भारत का रक्षा निर्यात जहां पहले करीब 600 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह 38 से 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राज्य में विकसित हो रहे यूपी डिफेंस कॉरिडोर के छह प्रमुख नोड – लखनऊ, कानपुर, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और चित्रकूट—पर 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव कार्यान्वयन की प्रक्रिया में हैं। अलीगढ़ छोटे हथियारों के निर्माण का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जबकि कानपुर गोला-बारूद और डिफेंस टेक्सटाइल का बड़ा हब बन रहा है। लखनऊ और झांसी में ब्रह्मोस मिसाइल और हैवी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग पर काम हो रहा है।

स्वदेशी तकनीक और स्टार्टअप्स को बढ़ावा

सीएम योगी ने बताया कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर के तहत तोप के गोले, स्वदेशी ड्रोन, बुलेटप्रूफ जैकेट और आधुनिक संचार प्रणालियों का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में 21,000 से अधिक स्टार्टअप्स एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन और सेमीकंडक्टर जैसे हाईटेक क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्किल डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी के माध्यम से इंडस्ट्री-रेडी वर्कफोर्स तैयार कर रही है। आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया गया है।

कानून-व्यवस्था और निवेश माहौल बना मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में ‘रूल ऑफ लॉ’ स्थापित किया गया है। जीरो टॉलरेंस नीति के कारण यूपी आज निवेश के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद राज्य बन चुका है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, मेट्रो और एयर कनेक्टिविटी ने औद्योगिक विकास को नई गति दी है।

उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम्” का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की उदारता उसकी ताकत है, लेकिन इसकी रक्षा के लिए सामरिक शक्ति भी जरूरी है। भारत अपनी ताकत इसलिए बढ़ा रहा है ताकि कोई उसकी उदारता को कमजोरी न समझे।

Show More

Related Articles

Back to top button