
Sonbhadra Police Parade: सोनभद्र के पुलिस लाइन चुर्क स्थित प्रशिक्षण केन्द्र में 485 रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे परेड ग्राउंड में अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां नवआरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (यातायात) अरविन्द कुमार मौर्या रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली। उन्होंने परेड ग्राउंड में सुसज्जित 18 टोलियों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता तथा ड्रिल की उत्कृष्टता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान नवआरक्षियों का आत्मविश्वास, संतुलन और अनुशासन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

इसके उपरांत सभी टोलियों ने शानदार और समन्वित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। कदम से कदम मिलाकर चलते हुए सभी टोलियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्चपास्ट की सटीकता, तालमेल और अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया और पूरे परिसर में गर्व एवं उत्साह का माहौल बन गया।
समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान विजेताओं के लिए गौरव का विषय रहा और अन्य प्रशिक्षार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी: प्रशिक्षु आरक्षी प्रशांत शुक्ला (1246.1 अंक)
बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम: प्रशांत शुक्ला (572.1 अंक)
अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम: नीरज ओझा (685 अंक)
समूहवार अंतः कक्षीय उत्कृष्ट प्रशिक्षार्थी:
प्रथम समूह – नितिन कुमार (64 अंक)
द्वितीय समूह – नीरज ओझा (91 अंक)
तृतीय समूह – चन्द्रपाल (110 अंक)
चतुर्थ समूह – विजय पाण्डेय (95 अंक)
पंचम समूह – अनुभव कुमार तिवारी (111 अंक)
षष्ठम समूह – अभिषेक तिवारी (86 अंक)
सप्तम समूह – हेमन्त राज (92 अंक)
अष्टम समूह – सन्तोष कुमार पटेल (73 अंक)
बाह्य कक्षीय विषयों में उत्कृष्ट प्रशिक्षार्थी:
शारीरिक दक्षता – राम कुमार (94 अंक)
यूएसी – वरुण कुमार पाण्डेय (36 अंक)
योगासन – मयंक पाल (28 अंक)
पदाति प्रशिक्षण – अभिनव सिंह (82 अंक)
शस्त्र प्रशिक्षण – अभिषेक कुमार मिश्रा (70.9 अंक)
जंगल प्रशिक्षण – विकास चन्द्र (60 अंक)
भीड़ नियंत्रण – प्रशांत शुक्ला (38 अंक)
विशिष्ट तलाशी – प्रशांत शुक्ला (38 अंक)
यातायात प्रशिक्षण – रविन्द्र प्रताप सिंह (38 अंक)
आतंकवाद निरोधी प्रशिक्षण – मुकुल सिंह (65 अंक)
मुख्य अतिथि अरविन्द कुमार मौर्या ने अपने संबोधन में नवआरक्षियों को दीक्षांत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी को ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नवआरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी नवआरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और मजबूत बनाने में इन नवआरक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और मित्रवत पुलिसिंग ही उनकी पहचान बनेगी।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रशिक्षण केन्द्र के अधिकारीगण एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह का समापन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
रिपोर्ट: रवि पाण्डेय, सोनभद्र



