प्रयागराज। झुलसा रहा आसमान! प्रयागराज में पारा पहुंचा 45 के पार, नहीं दिख रहे राहत के आसार

प्रयागराज। भीषण गर्मी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। प्रयागराज में शनिवार को तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर कर दिया है। सुबह से ही सूरज की तपिश इतनी तेज हो जाती है कि दोपहर तक सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं।

प्रयागराज समेत आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानि प्रोफेसर सत्येंद्र रॉय ने बतया कि फिलहाल तापमान में गिरावट के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। पंखे और कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, जबकि एसी का इस्तेमाल करने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। भीषण गर्मी और लू के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं।

बाजारों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहता है, जबकि शाम होते ही थोड़ी चहल-पहल देखने को मिलती है। सबसे ज्यादा दिक्कत मजदूरों और दिहाड़ी कामगारों को हो रही है, जिन्हें रोजी-रोटी के लिए इस तपती गर्मी में भी काम करना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय अपना रहे हैं। सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछा, टोपी और शॉल जैसे सुरक्षात्मक कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि सीधे धूप से बचा जा सके। इसके अलावा ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।

जगह-जगह लस्सी, शरबत, गन्ने का रस और ठंडे पानी के स्टॉल पर भीड़ देखी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री कई गुना बढ़ गई है। डॉक्टरों ने भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इस तरह की गर्मी में डिहाइड्रेशन, लू लगने और चक्कर आने जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। इसलिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।

Also Read: प्रतापगढ़। होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025, बेल्हा हाल कंट्रोल रूम का आईजी ने किया निरीक्षण

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर कम होने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति और साफ आसमान के कारण तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ और दिनों तक इस भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि वे जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। साथ ही शहर में जगह-जगह पानी की व्यवस्था और छाया के लिए अस्थायी इंतजाम किए जा रहे हैं।

फिलहाल, प्रयागराज में गर्मी से राहत के कोई संकेत नजर नहीं आ रहे हैं। सूरज की तपिश और लू के थपेड़े लोगों की परीक्षा ले रहे हैं, और हर किसी को बेसब्री से बारिश या ठंडी हवाओं का इंतजार है।

रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी

Show More

Related Articles

Back to top button