प्रतापगढ़। होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025, बेल्हा हाल कंट्रोल रूम का आईजी ने किया निरीक्षण

प्रतापगढ़। जनपद में होमगार्ड्स इनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को शुचितापूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा और तकनीक का मजबूत घेरा तैयार किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार 25 अप्रैल 2026 को पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के साथ पुलिस लाइन स्थित ‘बेल्हा हाल’ में बनाए गए केंद्रीय कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर प्रशान्त राज तथा क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्था और निगरानी प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।

बताया गया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को पुलिस लाइन स्थित बेल्हा हाल के केंद्रीय सर्वर से जोड़ा गया है, जिससे सभी केंद्रों की लाइव निगरानी की जा रही है। आईजी ने स्वयं कंट्रोल रूम में लगी बड़ी स्क्रीन पर विभिन्न परीक्षा केंद्रों के कक्षों और परिसरों की निगरानी व्यवस्था को देखा और तकनीक के प्रभावी उपयोग की सराहना की।

आईजी ने निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम में तैनात डिजिटल विंग की टीम प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर बनाए रखे। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही संबंधित थाना प्रभारी और मोबाइल टीम को तुरंत अलर्ट कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली बैकअप की वैकल्पिक व्यवस्थाओं को भी परखा गया, ताकि निगरानी में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निरीक्षण के उपरांत आईजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता से समझौता करने वाले किसी भी तत्व या नकल माफिया के विरुद्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में तैनात पुलिस बल और कंट्रोल रूम के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

प्रतापगढ़ पुलिस आधुनिक तकनीक और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के माध्यम से परीक्षा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।

Show More

Related Articles

Back to top button