
Ghaziabad Influencer Divyanka Sirohi Death News: हरियाणा की जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्टर दिव्यांका सिरोही की गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महज 30 साल की उम्र में उनके निधन की खबर से परिवार, दोस्त और उनके करोड़ों फॉलोअर्स गहरे सदमे में हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दिव्यांका ने मंगलवार दोपहर तबीयत खराब होने की शिकायत की थी। दोपहर का खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चली गईं, जबकि उनका भाई काम से बाहर चला गया। देर रात जब भाई घर लौटा तो उसने दिव्यांका को कमरे में अचेत अवस्था में पाया। परिजनों के मुताबिक, उस समय तक उनका शरीर अकड़ चुका था। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं थे, हालांकि सिर पर हल्की सूजन बताई गई।
परिवार वाले तुरंत उन्हें डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अचानक हुई इस घटना ने परिवार को पूरी तरह से झकझोर दिया है। परिजनों का कहना है कि दिव्यांका बेहद खुशमिजाज और सक्रिय स्वभाव की थीं, ऐसे में उनकी अचानक मौत को स्वीकार करना मुश्किल हो रहा है।
दिव्यांका सिरोही ने खासतौर पर कोविड-19 महामारी के दौरान अपने डांस वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर पहचान बनाई थी। हरियाणवी गानों पर उनके वीडियो काफी लोकप्रिय हुए और देखते ही देखते उनके फॉलोअर्स की संख्या दो करोड़ से भी ज्यादा हो गई। उनकी ऊर्जा और अंदाज ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक अलग पहचान दिलाई।
Ghaziabad Influencer Divyanka Sirohi Death News; Also Read- Chandauli News-खरीफ सीजन के लिए निशुल्क बीज के लिए कृषक 22 अप्रैल से वेबसाइट पर बुकिंग कर उठाएं लाभ
शिक्षा के क्षेत्र में भी दिव्यांका ने अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी और हर काम को पूरी लगन और मेहनत के साथ करती थीं। परिवार के मुताबिक, वह अपने करियर और जीवन को लेकर बेहद गंभीर और समर्पित थीं।
बुधवार को गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित मोक्ष स्थली हिंडन श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार और करीबी लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
दिव्यांका सिरोही की अचानक हुई मौत ने एक बार फिर जिंदगी की अनिश्चितता को सामने ला दिया है। जो शख्स सोशल मीडिया पर हमेशा खुश और ऊर्जावान नजर आता था, उसकी यूं अचानक विदाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, इस घटना को लेकर आसपास के लोग और उनके चाहने वाले गहरे शोक में हैं।



