
Kanpur News- उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत शुक्रवार को राजनीतिक दलों के साथ जिला प्रशासन ने अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया। एसआईआर के तहत बहुत से नाम काटे गये हैं तो वहीं बहुत से नए नाम जोड़े भी गये हैं। हालांकि पिछली विधानसभा चुनाव की अपेक्षा जनपद की सभी 10 विधानसभा सीटों से करीब सात लाख मतदाता कम हो गये हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत लाखों मतदाताओं का डाटा अपडेट किया गया है। अभियान के दौरान नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया और त्रुटियों को दुरुस्त किया गया, जिससे सूची अधिक सटीक और पारदर्शी बनी है। प्रशासन ने इस प्रक्रिया में आमजन, राजनीतिक दलों और कर्मचारियों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। मतदाता सूची का यह अंतिम प्रकाशन निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की दिशा में अहम कदम है। बताया कि पांच मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों और दो राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों को भी मतदाता सूची की प्रति सौंपी गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अभियान को सफल बनाने में जनपदवासियों, राजनीतिक दलों, मीडिया प्रतिनिधियों, बीएलओ तथा प्रक्रिया से जुड़े सभी कार्मिकों के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।
जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार कानपुर नगर के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 28,51,060 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 15,35,294 पुरुष, 13,15,656 महिला तथा 110 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
दिव्यांग मतदाताओं की बात करें तो जनपद में कुल 23,919 दिव्यांग मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 15,186 पुरुष, 8,731 महिला और 2 थर्ड जेंडर श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।
आयु वर्ग के आधार पर 18-19 वर्ष के 38,053 युवा मतदाता सूची में शामिल हुए हैं, जबकि 20 से 84 वर्ष आयु वर्ग में 27,99,560 मतदाता हैं। वहीं 85 वर्ष से अधिक आयु के 13,447 वरिष्ठ मतदाता भी सूची का हिस्सा हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बिल्हौर में 3,40,950, बिठूर में 3,44,036, कल्याणपुर में 2,64,636, गोविंद नगर में 2,57,330, सीसामऊ में 2,12,940, आर्य नगर में 2,21,779, किदवई नगर में 2,73,355, कानपुर कैंट में 2,69,396, महाराजपुर में 3,69,379 और घाटमपुर में 2,97,259 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
अभियान के दौरान 27 अक्टूबर 2025 से 1 अप्रैल 2026 तक कुल 2,38,204 फॉर्म-6 (नए मतदाता), 27,097 फॉर्म-7 (नाम विलोपन) तथा 76,636 फॉर्म-8 (संशोधन) स्वीकृत किए गए, जिससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाया जा सका।
बताते चलें कि पिछले विधानसभा चुनाव में जनपद की 10 विधानसभा सीटों पर 353821 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में था, जबकि एसआईआर के बाद अब यह संख्या 2851060 रह गई है।
Read Also-World News-म्यांमार के राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में कीर्तिवर्धन ने लिया हिस्सा


