
UP Weather Update : उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मंगलवार को धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया।
लखनऊ में पेड़ गिरा, कार क्षतिग्रस्त
गोमती नगर में तेज आंधी के चलते एक पेड़ उखड़कर खड़ी कार पर गिर गया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि हादसे के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। वहीं, रायबरेली रोड स्थित गोपालखेड़ा पुल के पास पेड़ गिरने से करीब 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
कई इलाकों में बिजली गुल
आंधी के चलते गोमती नगर के विकल्प खंड, विजयंत खंड, विभव खंड और विक्रांत खंड में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि, बिजली विभाग ने फॉल्ट ठीक कर कुछ ही देर में सप्लाई बहाल कर दी।
ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
दोपहर के समय प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की भी खबर है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम के इस अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.5°C और न्यूनतम 20.4°C दर्ज किया गया। विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि 8 और 9 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तेज हवाओं, बारिश और गरज-चमक की संभावना है।



