Up News- राजधानी लखनऊ में आबकारी विभाग की बड़ी उपलब्धि सामने आई है। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने प्रेसवार्ता कर वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग के रिकॉर्ड प्रदर्शन की जानकारी दी है।प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन अग्रवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश ने 57,722.26 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक आबकारी राजस्व अर्जित किया है, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। उन्होंने इसे सरकार की पारदर्शी नीतियों और सख्त निगरानी का परिणाम बताया।
मंत्री ने आगे कहा कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए 71,278 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विभाग नई रणनीतियों और तकनीकी सुधारों के साथ काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25,613 शराब की दुकानों का नवीनीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष 1,506 दुकानों के आवंटन के लिए दूसरे चरण में लॉटरी प्रक्रिया जल्द ही आयोजित की जाएगी। इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य न केवल राजस्व में वृद्धि करना है, बल्कि आबकारी व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाना भी है। इसके लिए विभाग लगातार सुधारात्मक कदम उठा रहा है।
रिपोर्ट: निखिल श्रीवास्तव, लखनऊ


