
हमसफर एक्सप्रेस में लाखों रुपये के आभूषण और कीमती कपड़ों से भरा ट्रॉली बैग गायब होने के मामले में जीआरपी प्रयागराज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे में बैग बरामद कर लिया। बैग में शादी के लिए खरीदे गए आभूषण, कपड़े और अन्य कीमती सामान रखा था। पुलिस ने बैग उसके मालिक प्रदीप कुमार वर्मा निवासी अलका बिहार, बमरौली को सौंप दिया। जीआरपी के अनुसार ट्रेन नंबर 22438 हमसफर एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान प्रदीप कुमार का बड़ा ट्रॉली बैग गायब हो गया। उन्होंने जीआरपी थाने पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक अकलेश कुमार सिंह ने तत्काल क्यूआरटी प्रभारी भूपेंद्र यादव को टीम के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक व्यक्ति बैग ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने गढ़ीसराय स्थित उसके घर से बैग बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह गलती से समान रंग और डिजाइन का बैग अपना समझकर उठा ले गया था। उसका बैग भी स्टेशन पर छूट गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर उसे सौंप दिया।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



