
Lucknow News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेलुगु समुदाय के लिए एक नई शुरुआत हुई है। तेलुगु एसोसिएशन लखनऊ (TAL) ने 27 मार्च को व्हील्स क्लब में आयोजित आम सभा के दौरान अपनी नई कार्यकारिणी समिति की घोषणा की। राम नवमी की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के तेलुगु समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एल. वेंकटेश्वरलु को मुख्य संरक्षक बनाया गया है। वहीं, के. रविंदर नाइक (आईएएस) को सर्वसम्मति से संगठन का अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी डॉ. के. सुधा राव (पूर्व सीएमडी, एनसी रेल) और सतीश को सौंपी गई है।
महासचिव के रूप में वरिष्ठ शिक्षाविद् सुधाकर रेड्डी का चयन हुआ है। इसके अलावा डॉ. अदापा और सुचिता को संयुक्त सचिव, सिद्धार्थ रेड्डी को कोषाध्यक्ष और के. विश्वदेव राव को मीडिया समन्वयक बनाया गया है। कार्यकारिणी के क्षेत्रीय सदस्यों में रंगा राव, कार्तिक, नागेश्वर राव, गीता और यू.वी. किरण को शामिल किया गया है।
सदस्यों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष डी.एन. रेड्डी की रिपोर्ट से हुई, जिसमें उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और सामाजिक कार्यों का उल्लेख किया। इस दौरान पूर्व कार्यकारिणी के सदस्यों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
नई कार्यकारिणी में अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों और पेशेवरों की भागीदारी से यह उम्मीद जताई जा रही है कि लखनऊ में तेलुगु समुदाय के सामाजिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक विकास को नई दिशा मिलेगी।



