
Air India : एयर इंडिया की दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट AI111 में तकनीकी खामी सामने आने के बाद उसे बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यह विमान एयरबस A350-900 था, जो लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ था।
एयर इंडिया के अनुसार, उड़ान के दौरान संदिग्ध तकनीकी समस्या का पता चलते ही सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को एहतियातन वापस बुला लिया गया। विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया है और फिलहाल इसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। करीब चार घंटे की उड़ान के बाद, जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब उसे वापस लौटने का फैसला लिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, विमान कुल मिलाकर लगभग 7 घंटे तक हवा में रहा और दोपहर करीब 12:30 बजे दिल्ली वापस पहुंचा।
यह भी पढ़ें – Education City: दिल्ली में बनेगी एजुकेशन सिटी, नरेला में शेयर्ड कैंपस मॉडल पर तैयार होगा वर्ल्ड क्लास हब
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी के उच्च सुरक्षा मानकों के तहत विमान की गहन जांच की जा रही है और इसमें कुछ अतिरिक्त समय लग सकता है। साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया गया है और उन्हें जल्द से जल्द लंदन भेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि एयर इंडिया ने जनवरी 2024 से एयरबस A350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है। इससे पहले 15 मार्च को भी इसी मॉडल के एक विमान (VT-JRF) को तकनीकी समस्या के चलते न्यूयॉर्क से दिल्ली आते समय आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा था।



