
AIADMK का चुनावी दांव:तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले एआईएडीएमके ने अपना विस्तृत चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने इस बार जनता, खासकर महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए कई बड़े वादे किए हैं। घोषणा पत्र में कुल 297 वादे शामिल हैं, जिन्हें एआईएडीएमके महासचिव एडप्पडी के. पलानीस्वामी ने जारी किया।
पार्टी का कहना है कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जनता को राहत देने के लिए ही इन योजनाओं को तैयार किया गया है। महिलाओं के लिए मुफ्त फ्रिज से लेकर हर परिवार को 10 हजार रुपये की सहायता—ऐसे कई ऐलान सीधे वोटरों को आकर्षित करने वाले माने जा रहे हैं।
घोषणा पत्र के प्रमुख वादे
- हर परिवार को 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता
- महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये सहायता
- साल में तीन मुफ्त गैस सिलिंडर
- राशन कार्ड वाली महिला मुखिया को मुफ्त फ्रिज
- चावल के साथ 1 किलो दाल और 1 लीटर खाना पकाने का तेल
- कामकाजी महिलाओं को 25,000 रुपये सब्सिडी पर अम्मा स्कूटर
- शहरों में पुरुषों को भी मुफ्त बस यात्रा
- वरिष्ठ नागरिकों की पेंशन बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह
- बेघर परिवारों को अम्मा फ्री हाउस योजना के तहत पक्का घर
- बेरोजगार ग्रेजुएट्स को 2,000 रुपये मासिक भत्ता
- युवाओं को स्टार्ट-अप और व्यवसाय के लिए 25 लाख रुपये तक लोन
- नौकरियों में तमिल युवाओं को प्राथमिकता देने के लिए नया कानून
- ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के दिनों को बढ़ाकर 150 दिन
- 10 साल से कार्यरत नर्सों को स्थायी नियुक्ति
- शराब की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से करने का वादा
महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर खास फोकस
एआईएडीएमके ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं को विशेष रूप से केंद्र में रखा है। घर की महिला मुखिया को मुफ्त फ्रिज, मासिक भत्ता और रसोई के खर्च में राहत देने वाले वादे किए गए हैं। ‘अम्मा स्कूटर’ योजना के जरिए कामकाजी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का भी संकल्प दोहराया गया है।
इन घोषणाओं से साफ है कि पार्टी महिला मतदाताओं और गरीब परिवारों को आर्थिक सहारा देने पर जोर देना चाहती है।



