Cooking Gas Crisis Update-कुकिंग गैस की कमी की खबरों पर सरकार की सफाई, पैनिक बुकिंग न करें: केंद्र

Cooking Gas Crisis Update-देश में कुकिंग गैस की संभावित कमी को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच केंद्र सरकार ने लोगों से एलपीजी सिलेंडर की घबराहट में बुकिंग न करने की अपील की है। सरकार का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव  ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि कई राज्यों में गैस की भारी कमी की खबरें सही नहीं हैं। देश में एलपीजी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।

उत्पादन बढ़ाने के दिए गए निर्देश

सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सभी रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद घरेलू उत्पादन बढ़कर करीब 28 प्रतिशत हो गया है, जो पहले लगभग 25 प्रतिशत था।

उन्होंने बताया कि देश में करीब एक लाख रिटेल आउटलेट काम कर रहे हैं और कहीं भी गैस खत्म होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। रोजाना लगभग 50 लाख सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है और सप्लाई सिस्टम सामान्य रूप से चल रहा है। हालांकि घबराहट के कारण सिलेंडर बुकिंग में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है।

लोगों से संयम रखने की अपील

सरकार ने नागरिकों से कहा है कि वे जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक न करें। ऐसा करने से वितरण व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है।

आयात पर भी निर्भरता

सरकारी अधिकारियों के अनुसार भारत अपनी एलपीजी जरूरत का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा आयात करता है। इसमें से लगभग 90 प्रतिशत आपूर्ति होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद सरकार आपूर्ति बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठा रही है।

पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता

सरकार का कहना है कि देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कमी नहीं है। भारत रोजाना करीब 55 लाख बैरल कच्चे तेल का उपयोग करता है और रिफाइनिंग क्षमता के मामले में दुनिया के बड़े देशों में शामिल है, जिससे पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति बनी रहती है।

जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता

गैर-घरेलू एलपीजी आपूर्ति में अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों जैसे जरूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही कमर्शियल गैस की मांग को संतुलित करने के लिए राज्यों के सहयोग से अतिरिक्त सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा गैस पर दबाव कम करने के लिए राज्यों को पहले से मिल रहे एक लाख किलोलीटर केरोसिन के साथ अतिरिक्त 48 हजार किलोलीटर केरोसिन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार ने भरोसा दिलाया है कि देश में गैस और पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

Read Also-Tech News-ऑनलाइन ठगी के खिलाफ मेटा की बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ से ज्यादा सोशल मीडिया अकाउंट हटाए

Show More

Related Articles

Back to top button