
Pratapgarh News-जिले के तिवारी महमदपुर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन शनिवार को रुक्मिणी विवाह प्रसंग का आयोजन हुआ, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा पंडाल में सैकड़ों ग्रामीण और भक्त मौजूद रहे और भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
मुख्य यजमान राजरानी एवं कुंज बिहारी दुबे के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में कथा व्यास घनश्याम जी महाराज ने रुक्मिणी विवाह का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कथा में बताया कि किस प्रकार रुक्मिणी ने भगवान श्रीकृष्ण को अपने हृदय का स्वामी स्वीकार किया और अंततः भगवान उन्हें विदर्भ से द्वारका ले गए।
कथा के दौरान प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भावुक होकर भक्ति में लीन दिखाई दिए। पूरे गांव में विवाहोत्सव जैसा वातावरण रहा। महिलाओं ने मंगलगीत गाए, वहीं युवाओं ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। कथा स्थल को आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक बन गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था ग्राम प्रधान पूनम सिंह की ओर से कराई गई। आयोजन में हर्ष वर्धन सिंह, पंकज द्विवेदी, नीरज द्विवेदी, तोयज द्विवेदी, लालजी द्विवेदी, राजमणि तिवारी, प्रज्ज्वल दुबे, देव दुबे, लालता प्रसाद पांडेय सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Pratapgarh News-Read Also-Pratapgarh News-महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लेने शिव सहाय अवस्थी व दीपक भूकर पहुँचे बाबा घुइसरनाथधाम
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता



