
Pratapgarh News-महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शुक्रवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा घुइसरनाथधाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।
प्रशासन ने मेले के लिए महिला पुलिस तैनाती, बैरिकेडिंग, अग्निशमन दल, नदी किनारे नाव और गोताखोर, अस्थायी चिकित्सा केंद्र, एम्बुलेंस, पेयजल, स्वच्छता और निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में पार्किंग, यातायात नियंत्रण, प्रकाश व्यवस्था और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने लालगंज उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पूरे मेला क्षेत्र की सतत निगरानी रखते हुए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर आयोजन को सकुशल संपन्न कराया जाए। अधिकारियों को 31वें राष्ट्रीय एकता महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद अधिकारियों ने मंदिर परिसर स्थित तालाब और नदी घाट का निरीक्षण किया तथा सुरक्षा, साफ-सफाई और गहराई संबंधी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने घाटों पर बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी इंतजाम पहले से तैयार रहें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में मछलियों को दाना भी खिलाया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता



