
सोनभद्र। सोनभद्र जनपद में पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ बाजार में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की बेरहमी से 27 जनवरी को हुई हत्या का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि पन्नूगंज थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला थाना पन्नूगंज क्षेत्र के रामगढ़ बाजार का है, जहां 27 जनवरी की रात अज्ञात हमलावर ने मानसिक रूप से विक्षिप्त मंगरु पुत्र अज्ञात की बेरहमी से हत्या कर दी थी। मृतक रामगढ़ बाजार में भीख मांगकर गुजर-बसर करता था और अक्सर सड़क किनारे सो जाता था।
घटना के बाद ग्राम चौकीदार की तहरीर पर थाना पन्नूगंज में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पन्नूगंज पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी रही। इसी क्रम में 10 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर करवनिया नहर मझिगवां पुलिया के पास से हत्या के आरोपी विकास कुमार उर्फ विक्की पुत्र सरवन दास, निवासी ग्राम केवल थाना कोन को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी की नीयत से रामगढ़ बाजार पहुंचा था। शाहजादा स्कूल के पास उसने देखा कि मांगू कंबल ओढ़कर सो रहा है। जेब से पैसे निकालते वक्त मांगू जाग गया और विरोध करने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपनी पहनी हुई बेल्ट से शीशे का टुकड़ा निकालकर मांगू के गले पर वार कर दिया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मृतक की जैकेट में खून पोंछकर फरार हो गया। गिरफ्तार हत्यारोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त शीशा, जैकेट, पेंट और जूता बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, सुशील सिंह, ओमप्रकाश यादव, दीपक गिरि और ममता यादव शामिल रहे।
रिपोर्ट: रवि पाण्डेय, सोनभद्र



