
Himachal bus accident : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही एक प्राइवेट बस हरिपुरधार गांव के पास अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना स्थल नाहन जिला मुख्यालय से करीब 95 किलोमीटर दूर है। बस के पलटकर खाई में गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अधिकारियों ने बताया कि बस की क्षमता 39 यात्रियों की थी, लेकिन हादसे के समय बस ओवरलोड बताई जा रही है। यात्रियों की सही संख्या का आकलन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सिरमौर में हुई बस दुर्घटना बेहद पीड़ादायक है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।
बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। घायलों को संगराह और दादहू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमी बर्फ को दुर्घटना की संभावित वजह बताया है।



