
Pratapgarh: बाघराय थाना क्षेत्र के देवरपट्टी कटरा बिहार गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में जनसत्ता दल के कार्यकर्ता और व्यापार मंडल उपाध्यक्ष राजेश साहू पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों को पकड़ा है।
हमले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 01.08.2025 को वादी वरुण उर्फ राजू साहू ने बाघराय थाने में एक लिखित तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, 31.07.2025 की रात करीब 9 बजे, उनके भाई राजेश साहू पर गांव के ही कुछ व्यक्तियों ने पुरानी रंजिश के चलते लोहे की रॉड, धारदार हथियार, लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए राजेश साहू के भांजे शैलेंद्र साहू को भी पीटा। हमलावरों ने राजेश साहू को मरा हुआ समझकर उनकी जेब से पैसे भी निकाल लिए। हमले में राजेश और शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वादी की तहरीर पर थाना बाघराय में मु0अ0सं0 153/25, धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 351(3), 310(2) बीएनएस के तहत पांच नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बाघराय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और घटना में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- शुभम मौर्या पुत्र शिव शंकर मौर्या
- धीरेंद्र सिंह पुत्र दुर्योधन सिंह
- धर्मेंद्र सिंह पुत्र दुर्योधन सिंह
ये तीनों ही आरोपी देवरपट्टी कटरा बिहार, थाना बाघराय के निवासी हैं।
Pratapgarh: also read– Karchana news: करछना थाने के सामने शव रखकर चक्का जाम की खबर निकली अफवाह, स्थानीय लोगों ने की निंदा
बाघराय पुलिस का बयान
बाघराय थानाध्यक्ष ने बताया कि जानलेवा हमले की घटना को गंभीरता से लिया गया है। नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। घायल व्यक्तियों का समुचित उपचार कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टें – उमेश पाण्डेय यूनाईटेड भारत प्रतापगढ़