
Sonbhadra News: विश्व दिवस 2026 के अवसर पर हिंडालको रेनुसागर में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” (Inspired by Nature, For Climate, For Our Future) रही, जिसके अनुरूप कंपनी द्वारा कई रचनात्मक और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का आयोजन रेनुसागर स्थित मधुबन पार्क में किया गया, जहां पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास को लेकर कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया गया।
पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण कार्यशाला से हुई, जिसमें शोभित बर्मा ने उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
इसके बाद के.के. शुक्ला, हाकिम सिंह और आनंद कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के महत्व पर आधारित अपनी कविताओं का पाठ कर लोगों को जागरूक किया।
प्रकृति हमारी आने वाली पीढ़ियों की धरोहर: आरपी सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आरपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रकृति केवल मानव जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर भी है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। वृक्षारोपण, जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत और स्वच्छता को यदि हम अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े बदलाव संभव हैं।
आरपी सिंह ने कहा कि प्रकृति के संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग और उसके साथ सामंजस्य स्थापित करना आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। तभी हम जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोज सकते हैं।
प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली पर जोर
इस अवसर पर अतिथियों का स्वागत करते हुए हिंडालको रेनुसागर के पर्यावरण विभाग प्रभारी कमलेश कुमार मौर्या ने प्रदूषण नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने और जैव विविधता संरक्षण को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।
वहीं आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेनुसागर के शिक्षक विजय शंकर ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित” पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रकृति संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया।
मधुबन पार्क में चला वृक्षारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मधुबन पार्क में विशेष वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि आरपी सिंह सहित विशिष्ट अतिथियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्य इंदु सिंह, मेनका अरोरा, तूलिका श्रीवास्तव, किरण श्रीवास्तव, संचालन प्रमुख मनीष जैन, विभागाध्यक्ष (सेफ्टी) अरविंद सिंह, संदीप यावले, ललित खुराना, संजीव श्रीवास्तव, राजेश राय, सदानंद पांडेय, नाऊश त्रिपाठी, अशोक द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है हिंडालको रेनुसागर
हिंडालको रेनुसागर प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी सतत विकास, हरित पहल और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रहेंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन रोशन पटेल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अजय कुमार मिश्रा ने प्रस्तुत किया।

Written By: Ekta Verma



