Varanasi News: प्रधानमंत्री मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी कर विवादों में घिरे अजय राय ने संकट मोचन मंदिर में हाजिरी लगाई

Varanasi News:महोबा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी कर विवादों में घिरे उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार शाम वाराणसी के श्री संकट मोचन मंदिर में विधिवत हाजिरी लगाई। मंदिर में दर्शन-पूजन कर उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने संकटमोचन हनुमान जी के समक्ष प्रदेश में न्यायपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण स्थापित होने की प्रार्थना भी की।

मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद अजय राय ने महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि भगवान पीड़ित परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटना केवल एक परिवार की बेटी के साथ हुई त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश की बेटियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। उन्होंने कहा कि जिस छात्रा ने डॉक्टर बनकर समाज सेवा का सपना देखा था, उसके साथ हुई बर्बरता ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

अजय राय ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए तथा दोषियों को फांसी जैसी कठोरतम सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की नरमी समाज के साथ अन्याय होगी और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा। सरकार को कठोर कार्रवाई कर ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी ऐसी अमानवीय घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके। उन्होंने यह भी मांग की कि उत्तर प्रदेश सरकार मृतक छात्रा के परिजनों को तत्काल 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करे।

अजय राय ने कहा कि आर्थिक सहायता किसी बेटी के जीवन की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन कठिन परिस्थितियों में परिवार को सहारा देने के लिए सरकार का संवेदनशील कदम आवश्यक है। इस अवसर पर वाराणसी महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, ओमप्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, फसाहत हुसैन बाबू और अरुण सोनी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Read Also-UP News : यूपी में पीएम पोषण योजना से 1.46 करोड़ बच्चों को मिल रहा पौष्टिक भोजन, शिक्षा और संस्कार को मिल रही मजबूती

Show More

Related Articles

Back to top button